नेपाल में कवयित्री सविता श्रीवास्तव ‘आस्मां’ को स्त्री शक्ति सम्मान
लुंबिनी (नेपाल), 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ की कवयित्री एवं समाज सेविका सविता श्रीवास्तव ‘आस्मां’ को नेपाल में स्त्री शक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया। नेपाल–भारत मैत्री विकास, मिथिला तथा अवध सांस्कृतिक पर्यटन के संवर्द्धन, देवनागरी लिपि के संरक्षण और हिंदी-नेपाली भाषा को मैत्री भाषा के रूप में बढ़ावा देने के उद्देश्य से 8 मार्च 2026 को आयोजित कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान नेपाल की संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन द्वारा दिया गया। संस्था ने नेपाल, भारत सहित विश्व के सात देशों की लगभग 300 महिला कवयित्रियों, लेखिकाओं, समाज सेविकाओं और शिक्षिकाओं को ई-प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सविता श्रीवास्तव ‘आस्मां’ लखनऊ की जानी-मानी लेखिका, कवयित्री और समाज सेविका हैं। उनकी अनेक रचनाएं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं और साहित्यिक संकलनों में प्रकाशित हो चुकी हैं। संस्था के अध्यक्ष आनंद गिरि मायालु ने सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि लखनऊ की धरती बहुमुखी प्रतिभाओं से भरी है और उसी धरती की एक होनहार प्रतिभा के रूप में सविता श्रीवास्तव ‘आस्मां’ को सम्मानित कर संस्था को गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी रचनात्मक प्रतिभाओं को राज्य और केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक सहयोग और सम्मान देकर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संस्था है, जो समय-समय पर भौतिक और ऑनलाइन कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करती रहती है। सम्मान प्राप्त करने के बाद सविता श्रीवास्तव ‘आस्मां’ ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शब्द प्रतिभा संस्था साहित्य सर्जकों के लिए एक वरदान की तरह है, जिसने देश-विदेश के हजारों कवियों, लेखकों, साहित्यकारों और शिक्षकों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित किया है। प्रतिभा चयन समिति की संयोजक डॉ. प्रीति प्रसाद ‘प्रीत’ ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए आगामी आयोजनों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
