पुलिस और एसएसबी को बड़ी कामयाबी, घर से मिली भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री
Police and SSB achieve major success, huge quantity of explosive material recovered from a house
Fri, 14 Nov 2025
बलरामपुर। जिले में पुलिस, एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक व्यक्ति के घर से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर की गई।
सूचना के अनुसार, अजमेर पुत्र रमजान, निवासी ग्राम गुगौली कला, अपने घर में भरूई बंदूक तथा उससे संबंधित बारूद और अन्य विस्फोटक पदार्थ छिपा कर रखे हुए था। जानकारी मिलते ही एसएसबी नौवीं वाहिनी के सहायक कमान्डेंट सुधांशु बौड़ाई, रेंजर बरहवा, वन दरोगा दूधनाथ और गौरव मिश्रा की टीम ने इसकी जानकारी थाना प्रभारी हर्रैया अनिल सिंह को दी।

प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल संतोष गौड़, एसएसबी व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजमेर के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 68 नग गोला, 495 ग्राम सफेद पाउडर, 200 ग्राम पीला पाउडर, 166 ग्राम लाल पत्थर और 205 ग्राम काला पाउडर सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। प्राथमिक पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पहले पटाखा बेचने का व्यवसाय करता था और उसके पास लाइसेंस भी था, लेकिन उसने समय पर लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया। बरामद की गई सामग्री उसने तुलसीपुर के ईटवा चौराहे पर पटाखा बेचने व भण्डारण का लाइसेंस रखने वाले धर्मेंद्र से प्राप्त की थी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध पटाखों, बारूद और ज्वलनशील सामग्री का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।
