वीर बाल दिवस पर भाजपा कार्यालय में प्रभात फेरी, प्रदर्शनी और संगोष्ठी का आयोजन
साहिबजादों का बलिदान देश और धर्म के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्य अतिथि पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों की वीरता और त्याग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश और धर्म से बड़ा कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा कि साहिबजादों ने अत्याचार सहते हुए भी अपने विश्वास और आस्था से समझौता नहीं किया। उन्होंने मुगल शासन की अमानवीय प्रताड़ना के आगे झुकने के बजाय धर्म और सत्य की रक्षा के लिए प्राणों का उत्सर्ग किया।

कम उम्र में अद्भुत साहस का परिचय
कार्यक्रम में सरदार स्वर्ण सिंह ने कहा कि नवाब वज़ीर खान ने साहिबजादों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया, लेकिन मात्र 9 और 7 वर्ष की अल्पायु में भी बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ने झुकने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर बालकों को जन्म देने वाली माता गुजरी को नमन करना हम सभी का कर्तव्य है।
‘सरवंश दानी’ गुरु गोबिंद सिंह का स्मरण
एम.एल.के. पीजी कॉलेज के रसायन विभाग के प्रवक्ता सुनील मिश्रा ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने धर्म और देश की रक्षा के लिए अपने चारों साहिबजादों का बलिदान दिया। इसी कारण उन्हें ‘सरवंश दानी’ कहा जाता है। उनका जीवन और विचार आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा का दिवस
सदर विधायक पलटू राम एवं तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि वीर बाल दिवस भारत की आत्मा और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को साहिबजादों के जीवन, साहस और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
2022 से वीर बाल दिवस की शुरुआत: सच्ची श्रद्धांजलि
भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने वीर साहिबजादों को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 से वीर बाल दिवस मनाने की शुरुआत उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश सह संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ अनूप चंद्र गुप्ता, सरदार भूपेंद्र सिंह, प्रीतपाल सिंह, अमरजीत सिंह, जिला महामंत्री वरुण सिंह, बिंदु विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह, बृजेंद्र तिवारी, जिला मंत्री अवधेश त्रिपाठी, सुनीता मिश्रा, डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, विनय मिश्रा, डॉ. तुलशीष दूबे, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ललिता तिवारी, अमरनाथ शुक्ला, अंशुमान शुक्ला, संदीप उपाध्याय, मीडिया संयोजक अवधेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, सभासद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


