नेशनल प्रदर्शनी की तैयारी: लखनऊ मंडल के पांच बाल वैज्ञानिकों को दिल्ली में मिलेगी विशेष मेंटरशिप

15-16 सितंबर को दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में होगी दो दिवसीय आवासीय कार्यशाला
 
uiouy

लखनऊ, 2 सितंबर 2026। इंस्पायर-मानक योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए लखनऊ मंडल से चयनित पांच बाल वैज्ञानिकों को अब दिल्ली में आयोजित होने वाली विशेष मेंटरशिप कार्यशाला में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। दो दिवसीय आवासीय कार्यशाला का आयोजन 15 और 16 सितंबर 2026 को दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, दिल्ली में किया जाएगा। कार्यशाला में विशेषज्ञ वैज्ञानिक विद्यार्थियों को उनके नवाचारी मॉडल और प्रोटोटाइप की बेहतर प्रस्तुति के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए तैयार करेंगे।

लखनऊ मंडल के चयनित पांच बाल वैज्ञानिकों में लखनऊ जनपद से उच्च प्राथमिक विद्यालय शीतल पुरवा के कक्षा 8 के शोभित राज, मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज, महानगर के कक्षा 9 के अभिनंजय पांडेय तथा सेठ एम.आर. जयपुरिया गोयल कैंपस, फैजाबाद रोड के कक्षा 10 की मान्या श्रीवास्तव शामिल हैं। वहीं सीतापुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय बरछाता की कक्षा 7 की राधा देवी और उन्नाव के पीएम आवास विकास विद्यालय के कक्षा 6 के शिवम का भी राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए चयन हुआ है।

इन नवाचारी मॉडलों ने बनाई राष्ट्रीय स्तर तक जगह

मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इंस्पायर-मानक योजना 2023-24 और 2024-25 की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन 13 से 15 अक्टूबर 2025 तक लखनऊ पब्लिक कॉलेजिएट, रुचि खंड-1, शारदा नगर, लखनऊ में किया गया था। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से जिला स्तरीय प्रदर्शनी में चयनित बाल वैज्ञानिकों ने अपने नवाचारी प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत किए थे।

उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रदर्शनी 2023-24 से 11 मॉडल तथा 2024-25 से 31 मॉडल, यानी कुल 42 मॉडल, राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए चयनित किए गए हैं। इनमें लखनऊ मंडल के पांच बाल वैज्ञानिक शामिल हैं।

लखनऊ मंडल से चयनित विद्यार्थियों और उनके प्रोजेक्ट इस प्रकार हैं—

  • अभिनंजय पांडेय, कक्षा 9, मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज, महानगर, लखनऊ — ‘नॉन-न्यूटोनियन लिक्विड बेस्ड स्पीड ब्रेकर’
  • शोभित राज, कक्षा 8, उच्च प्राथमिक विद्यालय शीतल पुरवा, लखनऊ — ‘गेहूं धुलने की मशीन’
  • मान्या श्रीवास्तव, कक्षा 10, सेठ एम.आर. जयपुरिया गोयल कैंपस, लखनऊ — ‘ट्रेनों में ऊपरी बर्थ पर चढ़ने के लिए सुविधाजनक सीढ़ी’
  • राधा देवी, कक्षा 7, उच्च प्राथमिक विद्यालय बरछाता, सीतापुर — ‘एडॉप्शन ऑफ व्हीलचेयर फॉर हैंडीकैप्ड’
  • शिवम, कक्षा 6, पीएम आवास विकास विद्यालय, उन्नाव — ‘स्मार्ट सिंक फॉर किचन’

iy

विशेषज्ञ सिखाएंगे मॉडल की प्रभावी प्रस्तुति के गुर

डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में चयनित 42 बाल वैज्ञानिकों को बेहतर तैयारी कराने के उद्देश्य से दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय मेंटरशिप कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें विशेषज्ञ वैज्ञानिक विद्यार्थियों को उनके मॉडल की उपयोगिता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के तरीके बताएंगे।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को यह भी समझाया जाएगा कि राष्ट्रीय मंच पर अपने मॉडल की विशेषताओं और सामाजिक उपयोगिता को किस तरह आकर्षक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाए।

उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थी और उनके साथ एक सहयोगी के दिल्ली आने-जाने का एसी थ्री-टियर रेल/बस किराया, ठहरने और भोजन की व्यवस्था एनआईएफ की ओर से वहन की जाएगी।

जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिए गए निर्देश

शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रताप सिंह बघेल के निर्देश के क्रम में लखनऊ मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने लखनऊ, सीतापुर और उन्नाव के जिला विद्यालय निरीक्षकों को अपने-अपने जनपद से चयनित विद्यार्थियों की मेंटरशिप कार्यशाला में समय से सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

डॉ. दिनेश कुमार ने लखनऊ मंडल से चयनित पांचों बाल वैज्ञानिकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनका राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना पूरे मंडल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्रदर्शनी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

ho

राष्ट्रीय चयन के बाद जापान यात्रा का मिल सकता है अवसर

डॉ. दिनेश कुमार, मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मंडल ने कहा,“लखनऊ मंडल से चयनित पांचों प्रतिभाओं की उनके जिला विद्यालय निरीक्षकों के साथ समन्वय बनाकर बेहतर तैयारी कराई जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में भी इनके मॉडल चयनित हों। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भारत सरकार के ‘सकूरा साइंस प्रोग्राम’ के अंतर्गत दस दिवसीय जापान यात्रा का अवसर प्राप्त हो सकता है। इसके लिए विद्यार्थियों को अभी से पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करनी चाहिए।”

Tags