26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी: सीएम योगी
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ, लखनऊ मंडल के 300 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को मिले टैबलेट
लखनऊ, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि टैबलेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने की कुंजी है। युवाओं को इसका इस्तेमाल ज्ञान, कौशल विकास और नवाचार के लिए करना चाहिए।
टैबलेट में 18 हजार से अधिक निशुल्क पाठ्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इनमें योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डीप टेक और अन्य आधुनिक विषय शामिल हैं। युवा अपनी रुचि के अनुसार इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि टैबलेट में युवा साथी ऐप भी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिलेगी। इनमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़कर देश-दुनिया की जानकारी हासिल करनी चाहिए और अपनी प्रतिभा तथा कौशल को लगातार विकसित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि युवाओं की जरूरत और मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
यूपी में तैयार हो रहे दो लाख से अधिक एसटीईएम स्नातक
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रतिवर्ष दो लाख से अधिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के स्नातक तैयार कर रहा है। इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने बताया कि टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी कंपनियां प्रदेश के युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने में सहयोग कर रही हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को आधुनिक तकनीक का ज्ञान देकर रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
बिरसा मुंडा के संघर्ष से युवाओं को प्रेरणा लेने का आह्वान
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष और योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महज 25 वर्ष की आयु में बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी और मातृभूमि, सम्मान तथा स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप नए भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्वामी विवेकानंद को भारत का प्रमुख आध्यात्मिक युवा प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हीं के नाम पर युवा सशक्तीकरण अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इस योजना की शुरुआत की गई थी। उस समय कोरोना महामारी के कारण पढ़ाई और परीक्षाएं प्रभावित हो रही थीं। विद्यार्थियों की शिक्षा में व्यवधान न आए, इसके लिए दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरण वितरित किए जा चुके हैं।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर सपा सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी और युवाओं को नौकरी पाने के लिए कथित तौर पर खर्ची-पर्ची और सिफारिश का सहारा लेना पड़ता था।
सीएम योगी ने कहा कि उस समय भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण एक व्यक्ति परीक्षा देता था और नियुक्ति किसी दूसरे को मिल जाती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने ऐसी नियुक्तियों को निरस्त किया और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में हुई और प्रस्तावित नियुक्तियों का उल्लेख करते हुए शिक्षा विभाग में 3,568, पंचायती राज विभाग में 1,375, कुशल खिलाड़ियों के लिए 470, फॉरेंसिक साइंस में 28, पुलिस विभाग में 4,543 और राजस्व विभाग में 1,146 नियुक्तियों की जानकारी दी। उन्होंने करीब 8,000 लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की बात भी कही। उनके अनुसार, 42 हजार होमगार्ड को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था और निवेश को लेकर सरकार का पक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से उत्तर प्रदेश की पहचान में बदलाव आया है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा।' उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में माफिया और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
सीएम योगी ने कहा कि पहले दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश को लेकर अलग धारणा थी, लेकिन अब प्रदेश के युवाओं, व्यापारियों और बेटियों को देश-दुनिया में सम्मान मिल रहा है। उन्होंने प्रदेश की अर्थव्यवस्था और निवेश के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया।
नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बनें युवा
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी पाने के साथ-साथ उद्यमिता और स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक शहर विकसित करने की तैयारी है।
उन्होंने दावा किया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन में 55 प्रतिशत का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग भी प्रदेश में हो रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो चुकी है।
सीएम युवा योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें और दूसरों को भी रोजगार दे सकें।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल यूनिट का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2017 में वहां करीब 100 लोग कार्यरत थे, जबकि अब कर्मचारियों की संख्या 18 हजार तक पहुंच गई है। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना में एकेटीयू के माध्यम से 500 युवाओं के चयन और अमेठी में एके-203 राइफल निर्माण तथा कानपुर में उसके पुर्जों के उत्पादन का भी जिक्र किया।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो युवा एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा और दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी एवं रजनी तिवारी शामिल हुए। इसके अलावा लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी सहित लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और उन्नाव से आए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और प्रशिक्षणार्थी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
