प्रधानमंत्री मोदी ने किया 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, बोले यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा
हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हरदोई जिले की बिलग्राम तहसील के मल्लावा कट के पास आयोजित भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे 594 किलोमीटर के गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे राज्य के विकास, निवेश और रोजगार के नए द्वार खोलने वाला माना जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे के अवलोकन और हरि शंकरी उपवन में वृक्षारोपण के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने एक्सप्रेसवे से जुड़ी प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और सभा को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जैसे मां गंगा सदियों से देश की जीवनरेखा रही हैं, उसी प्रकार यह गंगा एक्सप्रेसवे आधुनिक उत्तर प्रदेश की नई लाइफलाइन बनेगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल एक हाईस्पीड सड़क नहीं, बल्कि नए अवसरों, निवेश और विकास का प्रवेश द्वार है।
उन्होंने कहा कि दिसंबर 2021 में शाहजहांपुर में इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था और पांच साल से भी कम समय में इसका निर्माण पूरा कर लिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार मेरठ से हरिद्वार तक करने की योजना पर भी काम शुरू हो चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे विकसित भारत की आधुनिक “हस्तरेखाएं” हैं, जो देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देती हैं। उन्होंने कहा कि पहले सड़क परियोजनाएं वर्षों तक फाइलों में अटकी रहती थीं, लेकिन अब डबल इंजन सरकार में शिलान्यास के साथ समयबद्ध लोकार्पण भी सुनिश्चित हो रहा है।
किसानों, युवाओं और उद्योगों को मिलेगा लाभ
प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 12 जिलों को जोड़ते हुए करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाएगा। इससे किसानों को अपनी फसलें बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और लॉजिस्टिक हब विकसित किए जा रहे हैं, जिससे फार्मा, टेक्सटाइल, हैंडलूम, लेदर और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, बुलंदशहर के सिरेमिक, हरदोई का हैंडलूम, उन्नाव का लेदर और प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद अब देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
उत्तर प्रदेश बन रहा निवेश और उद्योग का केंद्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी पिछड़े राज्य के रूप में जाना जाता था, वही आज 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी आज मोबाइल निर्माण, सेमीकंडक्टर और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में देश का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का मजबूत नेटवर्क विकसित हो रहा है। राज्य में 21 एयरपोर्ट और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं, जबकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी अब जुड़ चुका है।

मुख्यमंत्री योगी बोले— विकास और रोजगार का मजबूत माध्यम बनेगा एक्सप्रेसवे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिसंबर 2021 में प्रधानमंत्री द्वारा रखी गई आधारशिला आज साकार रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे किसानों की समृद्धि, युवाओं के रोजगार और प्रदेश के औद्योगिक विकास का मजबूत आधार बनेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक्सप्रेसवे के साथ 27 स्थानों पर इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल क्लस्टर और लॉजिस्टिक हब विकसित किए जा रहे हैं। इस परियोजना के लिए लगभग 18 हजार एकड़ भूमि किसानों से प्राप्त की गई है और एक लाख से अधिक किसानों ने इसमें सहयोग दिया है।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में निवेश और विकास की कल्पना मुश्किल थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन चुका है।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, पंकज चौधरी, सुरेश खन्ना, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, नितिन अग्रवाल समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
