इंस्पायर मानक योजना में नामांकन प्रगति की समीक्षा, लखनऊ मंडल में अब तक 3,422 विद्यार्थियों ने कराया नामांकन

Review of enrollment progress in Inspire Manak Yojana, so far 3,422 students have enrolled in Lucknow division.
 
इंस्पायर मानक योजना में नामांकन प्रगति की समीक्षा, लखनऊ मंडल में अब तक 3,422 विद्यार्थियों ने कराया नामांकन

उन्नाव 1,062 नामांकन के साथ मंडल में सबसे आगे, 15 सितंबर तक होंगे ऑनलाइन नामांकन

लखनऊ। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी इंस्पायर मानक योजना 2026-27 के तहत लखनऊ मंडल में विद्यार्थियों के नवाचारी एवं मौलिक विचारों के नामांकन की प्रगति की समीक्षा की गई। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में मंडल के सभी छह जिलों में अधिक से अधिक नामांकन कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इंस्पायर मानक योजना के लिए कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के ऑनलाइन नामांकन का पोर्टल 1 जुलाई 2026 से खुला है। प्रत्येक माध्यमिक विद्यालय से अधिकतम पांच सर्वश्रेष्ठ एवं नवाचारी विचारों का नामांकन कराया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने लखनऊ मंडल में योजना के प्रभावी अनुश्रवण के लिए उन्हें मंडलीय नोडल अधिकारी नामित किया है। शिक्षा निदेशक, माध्यमिक के कार्यालय से मंडल के सभी छह जिलों—लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली—में अधिक से अधिक नामांकन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि लखनऊ मंडल पिछले कई वर्षों से इंस्पायर मानक योजना में प्रदेश में सर्वाधिक नामांकन और चयन कराने वाले मंडलों में अग्रणी रहा है। इस वर्ष भी मंडल को नामांकन एवं चयन के मामले में अव्वल बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दैनिक जीवन में उपयोगी नवाचारी गैजेट्स एवं समस्याओं के समाधान से जुड़े मौलिक विचारों को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों को नामांकन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

sxas

20 अगस्त तक जिलेवार नामांकन

लखनऊ मंडल के जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 20 अगस्त 2026 तक कुल 3,422 नामांकन हो चुके हैं। जिलेवार स्थिति इस प्रकार है—

  • उन्नाव: 1,062 नामांकन
  • सीतापुर: 813 नामांकन
  • लखीमपुर खीरी: 701 नामांकन
  • हरदोई: 352 नामांकन
  • लखनऊ: 335 नामांकन
  • रायबरेली: 159 नामांकन

इस प्रकार मंडल में अब तक कुल 3,422 विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों का नामांकन किया जा चुका है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को विगत वर्षों की तुलना में अधिक नामांकन कराने तथा दैनिक नामांकन प्रगति की सूचना मंडलीय कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

पिछले वर्ष हुए थे 33,478 नामांकन

डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इंस्पायर मानक योजना 2025-26 में लखनऊ मंडल से कुल 33,478 नामांकन कराए गए थे। पिछले वर्ष जिलेवार नामांकन इस प्रकार रहे—

जनपद नामांकन
लखनऊ 6,670
हरदोई 6,650
लखीमपुर खीरी 5,535
उन्नाव 5,519
सीतापुर 5,100
रायबरेली 4,004
कुल 33,478

उन्होंने बताया कि इस वर्ष ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक मौलिक एवं उपयोगी नवाचारी विचारों का नामांकन कराने की अपील की। डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में लखनऊ मंडल को इस वर्ष भी प्रदेश में सर्वाधिक नामांकन कराने वाला मंडल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags