जन जागरूकता ही आग से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम : मनोज वर्मा

Public Awareness is the Greatest Means of Fire Safety: Manoj Verma
 
ooo

लखनऊ। भीषण गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए लोगों में जागरूकता बेहद आवश्यक है। यह बात सिविल डिफेंस लखनऊ के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने उच्च प्राथमिक विद्यालय मड़ियांव में आयोजित इंटरफेस कार्यक्रम के दौरान कही।

विज्ञान फाउंडेशन संस्था, लखनऊ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, किशोरियों एवं उनके अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा और आपदा से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

मुख्य अतिथि मनोज वर्मा ने उपस्थित लोगों को सिविल डिफेंस की कार्यप्रणाली और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आग लगने की घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। यदि लोग समय रहते सतर्क रहें, तो बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

उन्होंने विशेष रूप से रसोईघर में सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि गैस सिलेंडर में लीकेज होने पर तुरंत दरवाजे और खिड़कियां खोल देनी चाहिए। साथ ही किचन में पानी और बालू रखना जरूरी है। यदि गैस पाइप में दरार दिखाई दे तो उसे तुरंत बदल देना चाहिए।

मनोज वर्मा ने विद्युत सुरक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि घरों की वायरिंग और बिजली के तारों की समय-समय पर जांच करनी चाहिए तथा सही क्षमता वाली एमसीबी का उपयोग करना चाहिए। खराब विद्युत उपकरणों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। शॉर्ट सर्किट की स्थिति में मुख्य बिजली लाइन बंद करके ही आग बुझाने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से अपील की कि यहां दी गई जानकारी को अपने आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर आग जैसी दुर्घटनाओं से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कर सकें।इस अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन के जितेंद्र मौर्य, शीबा, महेश, कोमल किशन, पम्मी यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tags