चक्रवात पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे जनप्रतिनिधि, हर संभव आर्थिक मदद का दिया भरोसा

सदर विधायक पलटू राम और भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी ने संयुक्त चिकित्सालय पहुंचकर परिजनों को दी सांत्वना
 
kp[op

बलरामपुर। जिले के सदर क्षेत्र में अचानक आई प्राकृतिक आपदा और तेज चक्रवात के कारण कई हादसे हुए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में जान गंवाने वाले चार लोगों के परिजनों से मिलने और उन्हें प्रशासनिक सहायता दिलाने के लिए रविवार को सदर विधायक पलटू राम और भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी संयुक्त चिकित्सालय स्थित शवगृह पहुंचे।

जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मौके से ही वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर पीड़ित परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली।

जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से कहा कि आपदा राहत कोष के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो और पात्र परिवारों को सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

चार लोगों की हुई मौत

प्राकृतिक आपदा के दौरान जान गंवाने वालों में कलंदरपुर निवासी दंपती प्रेम नारायण शुक्ला और उनकी पत्नी चंपा देवी, जिगना निवासी रेनू देवी तथा पचौथा गांव निवासी संदीप कुमार गौतम शामिल हैं। सभी शवों का चिकित्सीय प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया गया।

घटना को परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए जनप्रतिनिधियों ने दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

p[ok

इस अवसर पर देहात मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पाठक 'वीरू', चाउरखाता मंडल अध्यक्ष सुरेश त्रिपाठी, ग्राम प्रधान विजय शुक्ला, घनश्याम पांडेय, रामकिशुन चौधरी, अफसर सिंह, शौकत अली और डॉ. गोमती प्रसाद सहित स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags