ओज, ऊर्जा एवं आह्वान के अविरल प्रवाह थे पंजाब केसरी लाला लाजपत राय
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में लाला लाजपत राय का नाम साहस, राष्ट्रभक्ति, संघर्ष और आत्मसम्मान के प्रतीक के रूप में सदैव स्मरण किया जाता रहेगा। ‘पंजाब केसरी’ के नाम से विख्यात लाला लाजपत राय उन महान स्वतंत्रता सेनानियों में थे, जिन्होंने अपने ओजस्वी विचारों, प्रखर वक्तृत्व और अदम्य साहस से अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाने का काम किया। बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल के साथ उनकी जोड़ी ‘लाल-बाल-पाल’ के नाम से प्रसिद्ध हुई। वे केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि शिक्षाविद, समाजसेवी, लेखक, विचारक और कुशल संगठनकर्ता भी थे।

साइमन कमीशन के विरोध में अंग्रेजी हुकूमत को दी चुनौती
30 अक्टूबर, 1928 को लाहौर में साइमन कमीशन के विरोध में ऐतिहासिक प्रदर्शन आयोजित किया गया। हजारों की संख्या में विद्यार्थी, युवा, कामगार, किसान, महिलाएं और राजनीतिक कार्यकर्ता काले झंडे लेकर सड़कों पर उतर आए। चारों ओर ‘साइमन गो बैक’ के नारे गूंज रहे थे। प्रदर्शन का नेतृत्व स्वयं लाला लाजपत राय कर रहे थे।
अंग्रेज पुलिस अधिकारी जेम्स ए. स्कॉट के आदेश पर प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान लाला लाजपत राय को भी निशाना बनाया गया और उनके सीने पर लाठियों से गंभीर प्रहार किए गए। घायल होने के बावजूद उन्होंने अपने संकल्प और साहस का परिचय देते हुए कहा था कि उनके शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी ब्रिटिश साम्राज्य के ताबूत की एक-एक कील साबित होगी।
लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल लाला लाजपत राय का 17 नवंबर, 1928 को निधन हो गया। उनकी मृत्यु ने पूरे देश में आक्रोश की लहर पैदा कर दी। उनके बलिदान का बदला लेने के उद्देश्य से भगत सिंह, राजगुरु और चंद्रशेखर आजाद के साथियों ने अंग्रेज पुलिस अधिकारी जॉन सॉन्डर्स की हत्या की योजना को अंजाम दिया। इस घटना ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की।
संघर्ष और सेवा से निर्मित हुआ व्यक्तित्व
लाला लाजपत राय का जन्म 28 जनवरी, 1865 को पंजाब के मोगा जिले के धुडीके गांव में एक संपन्न अग्रवाल परिवार में हुआ था। उनकी माता का नाम गुलाब देवी और पिता का नाम मुंशी राधाकृष्ण था। पिता अध्यापक थे और उर्दू एवं फारसी पढ़ाते थे। उनके विचारों और देशप्रेम की भावना का बालक लाजपत पर गहरा प्रभाव पड़ा।
प्रारंभिक शिक्षा गांव में प्राप्त करने के बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई की और कानून की शिक्षा लेकर हिसार में वकालत शुरू की। वर्ष 1885 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना के बाद 1888 में वे कांग्रेस से जुड़ गए। धीरे-धीरे उनकी राजनीतिक सक्रियता बढ़ती गई। कांग्रेस की नरम नीतियों से असहमति के चलते वे गरम दल के प्रमुख नेताओं में शामिल हो गए।
वकालत के साथ-साथ वे गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे। वर्ष 1897 और 1899 में पड़े भीषण अकाल के दौरान उन्होंने सहयोगियों के साथ राहत शिविर स्थापित किए और भूखे लोगों तक भोजन पहुंचाने का कार्य किया। उनकी सेवा भावना ने उन्हें आम जनता के बीच विशेष लोकप्रियता दिलाई।
पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना में निभाई अहम भूमिका
लाला लाजपत राय स्वदेशी विचारधारा के प्रबल समर्थक थे। उनका मानना था कि देश की आर्थिक उन्नति के लिए भारतीयों को स्वदेशी वस्तुओं और संस्थानों को प्रोत्साहन देना चाहिए। इसी सोच के तहत उन्होंने भारतीयों में बचत और आर्थिक आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के प्रयास किए। पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना से जुड़े उनके योगदान को विशेष रूप से याद किया जाता है। उन्होंने लक्ष्मी इंश्योरेंस कंपनी की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। समाज में आधुनिक शिक्षा के प्रसार और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने प्रयास किए। लाला हंसराज सहित अन्य सहयोगियों के साथ दयानंद एंग्लो वैदिक (डीएवी) शिक्षा आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय एकता और स्वराज के लिए आजीवन संघर्ष
वर्ष 1905 में लॉर्ड कर्जन द्वारा बंगाल विभाजन के निर्णय का उन्होंने कड़ा विरोध किया। सुरेंद्रनाथ बनर्जी और अरविंद घोष जैसे नेताओं के साथ मिलकर उन्होंने राष्ट्रीय आंदोलन को मजबूती प्रदान की। अंग्रेज सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर बर्मा के मांडले भेज दिया, जहां लगभग छह महीने तक उन्हें नजरबंद रखा गया। रिहाई के बाद उन्होंने फिर से राष्ट्रीय आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।
वर्ष 1914 में वे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के साथ इंग्लैंड गए। प्रथम विश्वयुद्ध के कारण भारत लौटना संभव नहीं हुआ तो वे अमेरिका पहुंच गए। वर्ष 1917 में न्यूयॉर्क में इंडियन होम रूल लीग ऑफ अमेरिका की स्थापना की और विदेशों में भारत की स्वतंत्रता के पक्ष में जनमत तैयार करने का प्रयास किया।
20 फरवरी, 1920 को भारत लौटने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने कांग्रेस के नागपुर अधिवेशन में अध्यक्षता की और असहयोग आंदोलन को समर्थन दिया। अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस के नेतृत्व के माध्यम से श्रमिकों में भी राष्ट्रीय चेतना का संचार किया। वर्ष 1925 में उन्होंने हिंदू महासभा के कलकत्ता अधिवेशन की अध्यक्षता की।
वे एक प्रभावशाली लेखक भी थे। ‘यंग इंडिया’ और ‘अनहैप्पी इंडिया’ जैसी पुस्तकों के माध्यम से उन्होंने अपने विचारों को समाज के सामने रखा।
आज भी राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देते हैं लाला लाजपत राय
लाला लाजपत राय का जीवन इस बात का उदाहरण है कि पराजय और असफलता संघर्ष का अंत नहीं, बल्कि सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का एक पड़ाव होती है। देश के प्रति उनका समर्पण, सामाजिक सेवा की भावना और अदम्य साहस आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उनकी जन्मशती के अवसर पर 28 जनवरी, 1965 को भारत सरकार ने 15 पैसे का स्मारक डाक टिकट जारी कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। देश के अनेक शहरों में सड़कों, मोहल्लों, पार्कों और शिक्षण संस्थानों का नाम उनके सम्मान में रखा गया है। मेरठ का लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज और हिसार का लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय उनके नाम को गौरवान्वित कर रहे हैं।
निस्संदेह, लाला लाजपत राय का व्यक्तित्व केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं है। उनका जीवन राष्ट्रप्रेम, आत्मसम्मान, शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक सेवा का ऐसा संदेश देता है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
(विभूति फीचर्स)
