पंजाब नैशनल बैंक, लखनऊ मंडल की 100वीं शाखा का हुआ भव्य उद्घाटन
Grand inauguration of the 100th branch of Punjab National Bank, Lucknow Division
Thu, 13 Nov 2025
लखनऊ, 13 नवम्बर। पंजाब नैशनल बैंक ने आज अपने लखनऊ मंडल की 100वीं शाखा का शुभारंभ सुशांत गोल्फ सिटी स्थित क्रेसेंट मॉल के भूतल पर किया। इस नए बैंकिंग केंद्र का उद्घाटन माननीय श्री अनुराग श्रीवास्तव, आईएएस, अपर मुख्य सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश तथा श्री अशोक चन्द्र, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, पंजाब नैशनल बैंक के कर-कमलों से सम्पन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित श्री अशोक चन्द्र ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब नैशनल बैंक पिछले 131 वर्षों से देश की आर्थिक प्रगति और ग्राहक सेवा के प्रति समर्पित है। देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक होने के नाते, पीएनबी की 10,200 से अधिक शाखाएँ, 11,500 एटीएम और 33,000 बिजनेस करेस्पॉन्डेंट्स के माध्यम से इसकी सेवाएँ देश के कोने-कोने तक पहुँच चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि “पीएनबी अपने ग्राहकों को आधुनिक तकनीक से युक्त, सुरक्षित और तीव्र बैंकिंग सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हमारा बैंक विकसित भारत 2047 के विज़न को साकार करने की दिशा में एमएसएमई, रिटेल और कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि वे पीएनबी की डिजिटल और ऋण सुविधाओं का लाभ उठाएँ तथा अपने परिजनों को भी इस संस्था से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर माननीय श्री अनुराग श्रीवास्तव, आईएएस ने कहा कि “पंजाब नैशनल बैंक उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास और आत्मनिर्भर भारत अभियान में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। बैंक के माध्यम से आमजन को सरल और पारदर्शी बैंकिंग सेवाएँ मिल रही हैं, जिससे समाज के हर वर्ग का जीवन स्तर उन्नत हो रहा है।” उन्होंने बैंक के अधिकारियों को लखनऊ मंडल की 100वीं शाखा के शुभारंभ पर शुभकामनाएँ और बधाई दी। कार्यक्रम के समापन पर श्री मृत्युंजय, अंचल प्रबंधक, लखनऊ ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और ग्राहकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर श्री अजित श्रीवास्तव (उप महाप्रबंधक, एलसीबी), श्री मनीष जैन (सहायक महाप्रबंधक), श्री जे.पी. अग्रवाल (उप मंडल प्रमुख), श्री सुनील कुमार (उप मंडल प्रमुख), श्री अनुराग श्रीवास्तव (सहायक महाप्रबंधक), श्री अखिलेश झा (सहायक महाप्रबंधक), श्री साकेत पलोड़ (सहायक महाप्रबंधक), श्री प्रकाश अग्रवाल (सहायक महाप्रबंधक), श्रीमती दीप्ति पांडे (सहायक महाप्रबंधक), श्री विशाल श्रीवास्तव (शाखा प्रमुख) सहित अंचल एवं मंडल के अन्य अधिकारीगण तथा अनेक ग्राहक उपस्थित रहे।
