रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वाराणसी के रेलवे स्टेशनों और बरेका का दौरा, क्षमता बढ़ाने पर जोर
लखनऊ। नवंबर 2025। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा चार नई वंदे भारत रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाने के बाद वाराणसी के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
वाराणसी रेलवे स्टेशनों के लिए मास्टर प्लान
केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन और बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वाराणसी के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से प्रतिदिन लगभग 150 रेलगाड़ियों का आवागमन होता है। रेल मंत्री ने घोषणा की रेलवे द्वारा इस क्षमता को बढ़ाकर 400 से 500 करने के लिए काशी, वाराणसी कैंट और बनारस रेलवे स्टेशनों के समेकित विकास हेतु एक मास्टर प्लान पर कार्य किया जा रहा है।"

बरेका में गुणवत्ता और नवाचार पर जोर
इसके पश्चात, केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का भी दौरा किया। उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेम्बली शॉप और लोको टेस्ट शॉप का विस्तृत निरीक्षण किया और निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी जानकारियाँ प्राप्त कीं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से संवाद किया, विशेष रूप से महिला कर्मचारियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया। रेल मंत्री ने कर्मचारियों से लोको निर्माण की गुणवत्ता एवं दक्षता बढ़ाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए और स्पष्ट निर्देश दिया लोको निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। बरेका की पहचान उच्च गुणवत्ता और नवाचार से बनी रहनी चाहिए।

उन्होंने बरेका की उत्पादन क्षमता, स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, और सामग्री प्रबंधन प्रणाली की सराहना की। श्री वैष्णव ने कहा कि बरेका भारतीय रेल की तकनीकी आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहाँ निरंतर नवाचार और आधुनिक तकनीक का सफल समावेश किया जा रहा है। श्री वैष्णव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी और उन्हें देश की प्रगति के इंजन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
