विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर राजीव कुमार ने दी शुभकामनाएं, बोले स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों का सशक्तिकरण जरूरी
लखनऊ। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष (लखनऊ) राजीव कुमार ने प्रदेश के सभी फार्मासिस्टों, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सहयोगियों और प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संदेश में राजीव कुमार ने कहा कि इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “Empowering Pharmacists for a Healthier Future” यानी “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” है। उन्होंने कहा कि यह थीम स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।
पूर्व में फार्मेसी काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य रह चुके एवं मुख्य फार्मासिस्ट, बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ राजीव कुमार ने कहा कि औषधि निर्माण एवं परीक्षण से लेकर मरीज तक सही दवा, सही मात्रा और उचित सलाह के साथ पहुंचाने में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक फार्मासिस्ट मरीज और उपचार व्यवस्था के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं।
दवा के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूकता जरूरी
राजीव कुमार ने कहा कि सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दवाओं के सही उपयोग की जानकारी बेहद जरूरी है। फार्मासिस्ट मरीजों को दवाओं के इस्तेमाल की सही जानकारी देने के साथ-साथ संभावित दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक करते हैं। इससे दवाओं के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार बदलाव हो रहे हैं और नई औषधियां एवं उपचार पद्धतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में फार्मासिस्टों के लिए अपने ज्ञान और कौशल को लगातार अपडेट करना आवश्यक है, ताकि वे मरीजों को बेहतर और सुरक्षित औषधि संबंधी मार्गदर्शन दे सकें।
संवर्ग के सशक्तिकरण के लिए एकजुट होने का आह्वान
राजीव कुमार ने फार्मासिस्ट संवर्ग से अपने दायित्वों के प्रति सजग, निष्ठावान और समर्पित रहते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्टों को अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ काम करने के साथ-साथ संवर्ग के सम्मान, अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए भी एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्टों की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदार भूमिका के माध्यम से स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
