Ramon Magsaysay Award2025 : एजुकेट गर्ल्स को मिला 2025 का रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड

एशिया का सर्वोच्च सम्मान पाने वाली पहली भारतीय संस्था बनी एजुकेट गर्ल्स
 
Ramon Magsaysay Award2025 :

Ramon Magsaysay Award2025 :​​​​​​​  – भारत की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था एजुकेट गर्ल्स को 2025 का रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड प्रदान किया गया है। यह सम्मान पहली बार किसी भारतीय संस्था को मिला है। संस्था को यह पुरस्कार ग्रामीण भारत में लाखों बच्चियों को शिक्षा से जोड़ने, सामाजिक कुरीतियों को चुनौती देने और लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दिया गया है।

एजुकेट गर्ल्स अब उन विश्वस्तरीय हस्तियों की पंक्ति में शामिल हो गई है, जिन्हें यह सम्मान प्राप्त हो चुका है। इनमें सत्यजीत रे, एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी, किरण बेदी, विनोबा भावे, दलाई लामा, मदर टेरेसा और ऑस्कर विजेता हायाओ मियाज़ाकी जैसी विभूतियाँ शामिल हैं।

संस्थापक और टीम की प्रतिक्रिया

संस्था की संस्थापक सफीना हुसैन ने कहा यह उपलब्धि हमारी टीम, सामुदायिक स्वयंसेवकों, भागीदारों और उन लाखों बच्चियों की है जिन्होंने शिक्षा को अपनी ताकत बनाया। आने वाले 10 वर्षों में हम एक करोड़ से अधिक शिक्षार्थियों तक पहुँचने का लक्ष्य रखते हैं। भारत का यह मॉडल अब विश्व स्तर पर भी साझा किया जाएगा।

संस्था की सीईओ गायत्री नायर लोबो ने कहा शिक्षा सिर्फ़ विकास का साधन नहीं, बल्कि हर लड़की का मौलिक अधिकार है। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि सरकार, कॉरपोरेट, दानदाताओं और समुदाय के सहयोग से समाज की गहरी चुनौतियों को बदला जा सकता है।”

संस्था का सफर और उपलब्धियाँ

2007 में स्थापित एजुकेट गर्ल्स आज 30,000 से अधिक गाँवों तक पहुँच बना चुकी है।

  • अब तक 20 लाख बच्चियों का स्कूल में दाखिला कराया गया।

  • 24 लाख से अधिक बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता सुधारी गई।

  • संस्था का नेटवर्क 55,000 से ज्यादा सामुदायिक स्वयंसेवकों तक फैला है।
    आगे लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में 1 करोड़ से अधिक बच्चों तक शिक्षा का अधिकार पहुँचाया जाए।

2025 के अन्य विजेता

इस वर्ष रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड तीन लोगों/संस्थाओं को दिया गया है –

  • एजुकेट गर्ल्स (भारत) – लड़कियों की शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए।

  • शाहिना अली (मालदीव) – प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण और समुद्री जीवन संरक्षण के प्रयासों के लिए।

  • फादर फ्लावियानो एंटोनियो एल. विलनुएवा (फिलीपींस) – मनीला के बेघर और ग़रीब लोगों की गरिमा बहाल करने के लिए।

67वीं रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड सेरेमनी 7 नवंबर 2025 को मनीला (फिलीपींस) के मेट्रोपॉलिटन थिएटर में आयोजित होगी, जहाँ विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।

रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड के बारे में

रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड एशिया का सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान है। यह उन व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने साहस, रचनात्मकता और नवाचार के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाए हों।

एजुकेट गर्ल्स के बारे में

एजुकेट गर्ल्स एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकारों के साथ साझेदारी में काम करती है। संस्था का कार्यक्षेत्र ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, शिक्षा का अधिकार अधिनियम और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों से जुड़ा है।

 अधिक जानकारी के लिए विजिट करें: www.EducateGirls.ngo

Tags