रमना पार्क में आरएसएस ने मनाया विजयादशमी पर्व, शस्त्र पूजन कर लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

संघ स्थापना दिवस पर सामाजिक समरसता, स्वदेशी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 
7Y8Y

बलरामपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से नगर के रमना पार्क में विजयादशमी पर्व एवं संघ स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्र पूजन और संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों ने राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

विजयादशमी राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख मिथलेश नारायण ने विजयादशमी के ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन समाज को संगठित करने और राष्ट्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र रक्षा, समाज सेवा और सामाजिक एकता के संकल्प को दोहराने का अवसर भी है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

G89Y

सामाजिक समरसता, स्वदेशी और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

मिथलेश नारायण ने कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी अपनाने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही राष्ट्र को प्रगति के पथ पर आगे ले जा सकता है। समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने और परिवार तथा सामाजिक जीवन में सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।

शस्त्र पूजन के बाद संघ प्रार्थना के साथ समापन

कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया। स्वयंसेवकों ने राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रध्वज को प्रणाम करने और संघ प्रार्थना के साथ हुआ।

HU898

इस अवसर पर विभाग संघचालक सौम्य अग्रवाल, नगर संघचालक देव प्रकाश, जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार, जिला कार्यवाह किरीट मणि, विभाग प्रचार प्रमुख मनीष कुमार, जिला प्रचार प्रमुख मोहनीश, नगर प्रचारक रणवीर, डॉ. विशाल मिश्रा, राम कृपाल, नील मणि, भानु प्रकाश और नगर कार्यवाह कृष्ण कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Tags