मालवीय नगर की रामलीला में हुआ अन्यायी रावण का वध, दशहरा मेले में उमड़ी भीड़
30 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन, रावण वध के बाद सड़क पर डेढ़ घंटे तक लगा रहा जाम
गोण्डा। नगर के मालवीय नगर स्थित रामलीला मैदान में दस दिनों से चल रही रामलीला के दौरान मंगलवार देर शाम अभिजीत मुहूर्त में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने अन्याय और अनाचार के प्रतीक रावण का वध किया। रामलीला के 11वें दिन दशहरा मेले का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रावण वध के साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
नगर रामलीला समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि इस वर्ष नगरवासियों के सहयोग से रावण का 30 फुट ऊंचा विशालकाय पुतला तैयार कराया गया था। रामलीला समिति के सदस्यों और नगर के संभ्रांत लोगों के सहयोग से आयोजन को भव्य रूप दिया गया। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से रामलीला देखने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दो से ढाई हजार तक रहती है, जबकि इस वर्ष दशहरा लीला में ग्रामीण क्षेत्रों से आए सांस्कृतिक प्रेमियों की भागीदारी के चलते मेले में आने वालों की संख्या लगभग 15 हजार तक पहुंच गई।
रावण वध के बाद लोगों की भारी भीड़ के चलते सड़क पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, हनुमत लीला मंडल के कलाकारों का युवा नेता सूरज सिंह ने स्वागत किया।
भरत मिलाप और राजतिलक का होगा आयोजन
रामलीला के अंतिम चरण में आगामी बृहस्पतिवार को चौक बाजार में भरत मिलाप नवयुवक संघ की ओर से भरत मिलाप का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद रविवार को भगवान श्रीराम के राजतिलक का कार्यक्रम होगा।
इस अवसर पर श्रीरामलीला समिति के संरक्षक अरुण कुमार शुक्ला, सभासद रामगोपाल साहू, राकेश वर्मा उर्फ गुड्डू वर्मा, समिति अध्यक्ष अनिल सिंह, अलंकार सिंह और गोपेश श्रीवास्तव सहित आयोजन मंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
