‘रीचिंग फ़ॉर द स्काई’: प्रेरणा स्कूलों में खेल के साथ आत्मविश्वास और समानता का उत्सव
कार्यक्रम में कुमारी प्रिया (प्रसिद्ध पर्वतारोही एवं साइक्लिस्ट, रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित), उमा शर्मा (सब-इंस्पेक्टर, 1090; तीन बार बॉक्सिंग पदक विजेता व रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार प्राप्त) तथा सीमा शर्मा (सब-इंस्पेक्टर, इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद विद्यालय की प्रिंसिपल राखी पंजवानी ने प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि ‘रीचिंग फ़ॉर द स्काई’ केवल स्पोर्ट्स डे की थीम नहीं, बल्कि स्कूल की सोच और पहचान है। यह डॉ. उर्वशी सहनी की पुस्तक से प्रेरित है, जो हमारी छात्राओं के साहस, संघर्ष और ताक़त को सामने लाती है।

मुख्य अतिथि कुमारी प्रिया ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों और बेटों के साथ समान व्यवहार, समान अवसर और भरोसा देना बेहद ज़रूरी है। जब हम बिना भेदभाव बच्चों पर विश्वास करते हैं, तो उनमें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास आता है।

स्टडी हॉल एजुकेशनल फ़ाउंडेशन की सीईओ डॉ. उर्वशी सहनी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य किसी को दबाना या हावी होना सिखाना नहीं, बल्कि साझेदारी और बराबरी की भावना विकसित करना होना चाहिए। लड़कियाँ यह जानकर बड़ी हों कि वे बराबर इंसान हैं और नेतृत्व करने का उन्हें पूरा अधिकार है, वहीं लड़कों को संवेदनशीलता और न्याय को समझना चाहिए।

उमा शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि लड़कियों के लिए चुनौतियाँ अधिक होती हैं, लेकिन सही मार्गदर्शन, समर्थन और अवसर मिलने पर वे हर बाधा को पार कर सकती हैं और असाधारण ऊँचाइयों तक पहुँच सकती हैं।कार्यक्रम के दौरान कक्षा 4 और 5 के छात्रों ने प्रेरणा संविधान प्रस्तुत किया। इसके बाद बच्चों ने बैलेंसिंग कोन रेस, तीन टांगों की दौड़, बनी जंप, साथी हाथ बढ़ाना रेस, रिंग रेस और बैलेंसिंग बॉल जैसी रोचक खेल गतिविधियों में भाग लिया।

कक्षा 1, 2 और 3 की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गर्ल्स ड्रिल और लड़कों की बॉयज़ ड्रिल ने दर्शकों का मन मोह लिया। साड़ी ड्रिल और मदर्स रेस जैसी विशेष गतिविधियों में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन भव्य फिनाले, अतिथियों के प्रेरणादायक संबोधनों और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन खेल, समानता और आत्मविश्वास के संदेश के साथ एक यादगार अनुभव बन गया।
