‘रीचिंग फ़ॉर द स्काई’: प्रेरणा स्कूलों में खेल, आत्मविश्वास और समानता का उत्सव

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुमारी प्रिया (लखनऊ की प्रसिद्ध पर्वतारोही व साइक्लिस्ट एवं रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित), उमा शर्मा (सब-इंस्पेक्टर, 1090; तीन बार बॉक्सिंग पदक विजेता व रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार प्राप्त) तथा सीमा शर्मा (सब-इंस्पेक्टर, इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट) उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके पश्चात स्कूल की प्रिंसिपल राखी पंजवानी ने प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि ‘रीचिंग फ़ॉर द स्काई’ हमारे स्पोर्ट्स डे का केवल एक विषय नहीं, बल्कि हमारे स्कूल की सोच और पहचान है। यह डॉ. उर्वशी सहनी की पुस्तक से प्रेरित है, जो हमारी लड़कियों के साहस, संघर्ष और ताक़त को सामने लाती है।

मुख्य अतिथि कुमारी प्रिया ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बेटियों और बेटों के साथ समान व्यवहार करें और उन्हें बराबर अवसर, सहयोग और भरोसा दें। उन्होंने कहा कि जब बच्चों पर बिना भेदभाव विश्वास किया जाता है, तो उनमें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास पैदा होता है। समाज में वास्तविक बदलाव की शुरुआत घर से होती है।

स्टडी हॉल एजुकेशनल फ़ाउंडेशन की सीईओ डॉ. उर्वशी सहनी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य किसी को हावी होना या दबकर रहना सिखाना नहीं, बल्कि एक-दूसरे का साथी बनना सिखाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़कियाँ यह जानते हुए बड़ी हों कि वे बराबर इंसान हैं और उन्हें सपने देखने, निर्णय लेने व नेतृत्व करने का पूरा अधिकार है, वहीं लड़कों को संवेदनशीलता, न्याय और समानता की समझ विकसित करनी चाहिए। जब लड़के और लड़कियाँ सम्मान के साथ साथ सीखते हैं, तभी एक समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।

उमा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एक लड़की के रूप में आगे बढ़ना आसान नहीं होता, लेकिन सही मार्गदर्शन, समर्थन और भरोसे से लड़कियाँ हर चुनौती को पार कर सकती हैं और आत्मविश्वास के साथ नई ऊँचाइयों को छू सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 4 और 5 के छात्रों ने प्रेरणा संविधान प्रस्तुत किया। इसके बाद बच्चों ने बैलेंसिंग कोन रेस, तीन टांगों की दौड़, बनी जंप, साथी हाथ बढ़ाना रेस, रिंग रेस और बैलेंसिंग बॉल जैसी रोचक खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कक्षा 1, 2 और 3 की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गर्ल्स ड्रिल तथा छात्रों की बॉयज़ ड्रिल कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। साड़ी ड्रिल और मदर्स रेस में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को और भी खास बना दिया। कार्यक्रम का समापन भव्य फिनाले, मुख्य अतिथियों के प्रेरणादायक संदेशों और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस प्रकार जूनियर स्पोर्ट्स डे ‘रीचिंग फ़ॉर द स्काई’ एक यादगार और सफल आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।
