रिलायंस फाउंडेशन और एस्टी लॉडर की पहल, 10 लाख लड़कियों को मिलेंगे हुनर और करियर के नए अवसर
बहुवर्षीय साझेदारी से 14 से 20 वर्ष की युवतियों को मिलेगा प्रशिक्षण; लाइफ स्किल्स, डिजिटल साक्षरता और वित्तीय जागरूकता पर रहेगा जोर
मुंबई, 14 अक्टूबर 2026।देशभर की 10 लाख लड़कियों और युवा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके लिए शिक्षा और रोजगार के नए रास्ते खोलने के उद्देश्य से रिलायंस फाउंडेशन ने एस्टी लॉडर कंपनिज चैरिटेबल फाउंडेशन के साथ बहुवर्षीय साझेदारी की है। इस पहल के तहत 14 से 20 वर्ष की लड़कियों को जीवन कौशल, डिजिटल जानकारी, वित्तीय साक्षरता और करियर से जुड़े विभिन्न विकल्पों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से की जाएगी। इसके बाद इसे देश के अन्य हिस्सों में भी विस्तार देने की योजना है। इस पहल का उद्देश्य लड़कियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेने और भविष्य की शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है।
लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
रिलायंस फाउंडेशन की निदेशक ईशा अंबानी ने इस साझेदारी को लड़कियों और युवा महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि हर लड़की में बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास, नेतृत्व करने का साहस और अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने का अवसर होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से 10 लाख लड़कियों और युवा महिलाओं को अपनी पूरी क्षमता का एहसास करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक कौशल तथा सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
लाइफ स्किल्स से लेकर डिजिटल और वित्तीय साक्षरता तक
इस कार्यक्रम में केवल तकनीकी जानकारी ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की चुनौतियों से निपटने, सोच-समझकर फैसले लेने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। प्रतिभागियों को डिजिटल टूल्स और वित्तीय सेवाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करना सिखाया जाएगा।
इसके साथ ही उन्हें आगे की पढ़ाई, व्यावसायिक प्रशिक्षण, रोजगार, आजीविका और उद्यमिता से जुड़े विकल्पों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य की दिशा चुन सकें। प्रशिक्षण की व्यवस्था ऑफलाइन और डिजिटल, दोनों माध्यमों से की जाएगी।
आधुनिक कार्यक्षेत्र के लिए तैयार होंगी युवतियां
एस्टी लॉडर कंपनिज के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेफान दे ला फेवरे ने कहा कि रिलायंस फाउंडेशन के साथ साझेदारी के जरिए भारत की लड़कियों और युवा महिलाओं के लिए अधिक अवसर तैयार करने की दिशा में काम करना गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल उन्हें आधुनिक कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जरूरी कौशल हासिल करने में मदद करेगी।
महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रयासों को मिलेगी नई दिशा
रिलायंस फाउंडेशन वर्ष 2010 से महिलाओं और लड़कियों के लिए शिक्षा, खेल, आजीविका सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहा है। नई साझेदारी इसी प्रयास को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस पहल के जरिए युवतियों को अपने भविष्य से जुड़े विकल्पों की बेहतर समझ विकसित करने, सोच-समझकर निर्णय लेने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता का व्यापक लक्ष्य देशभर में 10 लाख लड़कियों और युवा महिलाओं तक पहुंचकर उनके लिए विकास और करियर के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करना है।
