ग्रीन एनर्जी में रिलायंस का बड़ा निवेश, आंध्र प्रदेश में ₹1 लाख करोड़ से लगेंगे CBG प्लांट
मदनपल्ले में रायलसीमा हॉर्टिकल्चर हब और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के शिलान्यास समारोह में बोलते हुए अनंत अंबानी ने कहा कि भारत की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले किसान भविष्य में देश की ऊर्जा सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने किसानों को ‘अन्नदाता से ऊर्जादाता’ बनाने की दिशा में काम करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, मंत्री नारा लोकेश सहित कई जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

किसान बने अपने खेत के सीईओ
अनंत अंबानी ने खेती में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की जरूरत बताते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन और रोबोटिक्स जैसी तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों के इस्तेमाल से कृषि को अधिक उत्पादक और आधुनिक बनाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि Jio, इंडियन स्कूल ऑफ
एग्रीकल्चर के प्रशिक्षण मॉड्यूल को भारतीय भाषाओं में वर्चुअल क्लासरूम के माध्यम से लाखों किसानों तक पहुंचाने में सहयोग करेगा। इसके अलावा Jio कृषि प्लेटफॉर्म की तकनीक का इस्तेमाल भी किसानों के हित में किए जाने की बात कही गई।अनंत अंबानी ने कहा, “भारत ने दुनिया को बहुत CEO दिए हैं, अब किसान को अपने खेत का CEO बनाना है।” उन्होंने खेती को ऐसी पेशेवर और सम्मानजनक आजीविका बनाने की आवश्यकता बताई, जिसे युवा वर्ग गर्व के साथ अपना सके।

तेलुगू में बोले- मुझे आंध्र का बेटा समझिए
अपने संबोधन के अंत में अनंत अंबानी ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से तेलुगू में कहा, “नन्नु आंध्र बिड्डगा भाविंचंडी”, जिसका अर्थ है—“मुझे आंध्र का बेटा समझिए।”
उन्होंने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज आंध्र प्रदेश सरकार और किसानों के साथ मिलकर इस साझेदारी को आगे बढ़ाएगी।
