पत्रकारिता के छात्रों का कौशल निखारेंगे देश के नामचीन पत्रकार
प्रोफेशनल दुनिया के लिए तैयार किए जाएंगे MPU के विद्यार्थी
Sat, 25 Apr 2026
बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय (MPU) ने पत्रकारिता के छात्रों के कौशल विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इस पहल के तहत छात्रों को फील्ड के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि उनके कौशल को सही दिशा मिल सके।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह के निर्देशन में पत्रकारिता शिक्षा को तकनीकी और व्यावहारिक दृष्टि से अधिक प्रभावी और रोचक बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। इसी क्रम में पत्रकारिता के प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के साथ एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुलपति प्रो. सिंह ने बताया कि अब प्रत्येक सप्ताह देश के नामचीन पत्रकारों के साथ विद्यार्थियों का सीधा संवाद कराया जाएगा। यह संवाद ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगा, जिससे छात्रों को वास्तविक पत्रकारिता जगत की समझ मिल सके। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता का विस्तृत विवरण तैयार कर विषय समन्वयक विमल प्रकाश के साथ साझा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने छात्रों को अपने विषय के प्रति गहरी रुचि विकसित करने की सलाह दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए और पत्रकारिता की जमीनी सच्चाई के साथ एक सफल पत्रकार बनने के आवश्यक गुणों पर प्रकाश डाला।
कुलपति ने विश्वास जताया कि इस पहल से छात्रों में विषय के प्रति उत्साह बढ़ेगा और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रयास छात्रों को न केवल व्यावहारिक ज्ञान देगा, बल्कि उन्हें प्रोफेशनल दुनिया के लिए भी सक्षम बनाएगा।
