बी ब्लॉक इंदिरा नगर में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस
लखनऊ। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, बी ब्लॉक, इंदिरा नगर कॉलोनी की ओर से हिमांशु मिश्रा पार्क में गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद अशोक उपाध्याय एवं संस्था की सचिव आशा विकास रॉय चौधरी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। समारोह में क्षेत्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। प्राकेत गुप्ता, सात्विक गुप्ता, शौर्य त्रिपाठी, आरव सोनकर और अर्णव मिश्रा ने गायन, वादन एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

अधिराज सरण ने तबले पर ‘नन्हा मुन्ना राही हूं’ गीत की शानदार संगत प्रस्तुत की। वहीं अथर्व शरण ने देशभक्ति से ओतप्रोत ‘ऐ वतन मेरे वतन’ गीत का भावपूर्ण गायन कर समारोह में राष्ट्रप्रेम का रंग भर दिया।
बच्चों की प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। संस्था की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्साह और प्रतिभा की प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह के समापन की घोषणा की। समारोह ने क्षेत्र में देशभक्ति, सांस्कृतिक सहभागिता और सामाजिक एकता की भावना को और मजबूत किया।
