वृंदावन कॉलोनी के लोगों ने विधायक राजेश्वर सिंह से सड़क मरम्मत की लगाई गुहार
लखनऊ। वृंदावन योजना, सेक्टर-10ए के निवासियों ने क्षेत्र की जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग को लेकर सरोजिनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति बेहद खराब है, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
निवासियों के अनुसार, सेक्टर-10ए में मकान संख्या 190 और 191 के पास स्थित गली में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और कई बार वाहनों को नुकसान भी पहुंचता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। एम्बुलेंस चालक खराब सड़क का हवाला देते हुए कई बार कॉलोनी के बाहर ही वाहन रोक देते हैं, जिससे मरीजों को अतिरिक्त कठिनाई झेलनी पड़ती है।
बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कॉलोनी के लोगों को कार्यालय आने-जाने, जबकि स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों ने विधायक से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। इस संबंध में कॉलोनी के निवासी एस.डी. त्रिपाठी और रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क की खराब हालत से क्षेत्र के सभी लोग परेशान हैं और शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
