मण्डल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में लखनऊ के रिदित व हरदोई की तसनीम अव्वल
लखनऊ, 22 अगस्त। संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व तथा राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव के संयोजन में शनिवार को आंचलिक विज्ञान नगरी, अलीगंज के प्रेक्षागृह में मंडल स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ (Indian Energy Basket 2047: Prospects and Challenges) रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, आंचलिक विज्ञान नगरी के केंद्र प्रभारी स्वरूप मंडल, वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी राम कुमार, राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज की उपप्रधानाचार्य बीना गौतम तथा साइंस सिटी के शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
संगोष्ठी की प्रभारी कीर्ति चौरसिया ने बताया कि लखनऊ मंडल के छह जनपदों लखनऊ, हरदोई, रायबरेली, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और उन्नाव से कुल 12 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय पर अपने विचार और भविष्य के ऊर्जा परिदृश्य से जुड़ी संभावनाओं एवं चुनौतियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्टडी हॉल स्कूल, गोमती नगर, लखनऊ के कक्षा आठ के छात्र रिदित टंडन ने हासिल किया। वहीं द्वितीय स्थान एसआरएम पब्लिक स्कूल, सदरपुर, हरदोई की कक्षा दस की छात्रा तसनीम नूर को मिला।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी राम कुमार, उपप्रधानाचार्य बीना गौतम एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने विजेता एवं प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। अधिकारियों ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संगोष्ठी के निर्णायक मंडल में राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज की प्रवक्ता डॉ. रेशमा सिंह, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, इंदिरा नगर की प्रवक्ता डॉ. श्वेता श्रीवास्तव तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, छोटी जुबिली की प्रवक्ता संचिता सिंह शामिल रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, लखनऊ की शिक्षिका दीप्ति तिवारी ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज की प्रवक्ता कीर्ति चौरसिया ने किया।
मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह की विज्ञान संगोष्ठियां विद्यार्थियों में विषय की समझ के साथ-साथ अभिव्यक्ति, तर्क क्षमता, आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संगोष्ठी से प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में उपयोगी बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रतिभागियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आंचलिक विज्ञान नगरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित रिदित टंडन और तसनीम नूर 11 सितंबर को राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के सभागार में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
