राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में लखनऊ मंडल के रिदित टंडन अव्वल
संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल कार्यालय के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि संगोष्ठी में लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे स्टडी हॉल स्कूल, गोमती नगर, लखनऊ के कक्षा 8 के छात्र रिदित टंडन ने अपने धाराप्रवाह एवं प्रभावी प्रस्तुतिकरण से शानदार प्रदर्शन किया। रिदित ने प्रदेश के 17 मंडलों से आए कुल 31 प्रतिभागियों के बीच प्रथम स्थान हासिल कर लखनऊ मंडल को गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की कक्षा 9 की छात्रा सान्या द्विवेदी ने द्वितीय तथा कानपुर मंडल की दृष्टि नंदना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्थान के निदेशक राजेंद्र प्रताप ने विजेताओं को पुरस्कृत किया, जबकि सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में करेंगे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद रिदित टंडन 30 अक्टूबर को राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को लेकर रिदित की विशेष तैयारी कराई जा रही है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने रिदित की उपलब्धि को लखनऊ मंडल के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने रिदित की तैयारी में उनके पिता द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए इसे अन्य अभिभावकों के लिए भी प्रेरणादायक बताया।
वहीं, लखनऊ मंडल के टीम इंचार्ज एवं राजकीय इंटर कॉलेज, निशातगंज के डॉ. सत्यम शिवम सुंदरम ने लखनऊ के रिदित टंडन तथा हरदोई की तसनीम नूर की प्रतियोगिता में समय से प्रतिभागिता सुनिश्चित कराई।
अपनी सफलता पर रिदित टंडन ने इसका श्रेय अपने विद्यालय प्रबंधन और माता-पिता को दिया। रिदित की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं लखनऊ मंडल के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है।
