रिंकू सिंह के शतक और करन शर्मा की घातक गेंदबाजी से यूपी की धमाकेदार जीत, बिहार को पारी और 267 रन से हराया
रणजी ट्रॉफी 2026-27 में उत्तर प्रदेश ने जीत के साथ किया आगाज, माधव कौशिक ने भी जड़ा शतक; टीम को मिले 7 अंक
लखनऊ।रणजी ट्रॉफी 2026-27 के अपने पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को पारी और 267 रन से करारी शिकस्त दी। यूपी की इस बड़ी जीत के नायक रिंकू सिंह और माधव कौशिक रहे, जिन्होंने शतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं, गेंदबाज करन शर्मा और कार्तिक ने बिहार की बल्लेबाजी को टिकने नहीं दिया। यूपी ने मुकाबला महज तीन दिन में अपने नाम कर सीजन की शानदार शुरुआत की।
रिंकू सिंह और माधव कौशिक के शतकों से यूपी का बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 540 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। रिंकू सिंह और माधव कौशिक के शतकों ने टीम को मजबूती दी और बड़े स्कोर की नींव रखी। यूपी के बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के सामने बिहार के गेंदबाज संघर्ष करते नजर आए।
540 रन के जवाब में बिहार की पहली पारी 141 रन पर सिमट गई। यूपी के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को बड़ी साझेदारियां करने का मौका नहीं दिया। पहली पारी में कार्तिक और करन शर्मा ने चार-चार विकेट हासिल किए।
दूसरी पारी में भी नहीं संभली बिहार की टीम
पहली पारी में बढ़त हासिल करने के बाद उत्तर प्रदेश ने बिहार को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी बिहार की बल्लेबाजी में सुधार नहीं दिखा और पूरी टीम 36.4 ओवर में 132 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। इस तरह यूपी ने पारी और 267 रन से मुकाबला जीत लिया।
दूसरी पारी में करन शर्मा ने 17 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि जीशान अंसारी ने 40 रन देकर चार बल्लेबाजों को आउट किया। बिहार की ओर से मंगल महरौर ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। कप्तान सकिबुल गनी ने 24 रन का योगदान दिया, जबकि सूरज कश्यप ने 17 गेंदों पर तेजी से 25 रन जोड़े। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद बिहार की टीम बड़ी हार से नहीं बच सकी।
करन शर्मा और कार्तिक की गेंदबाजी ने पलटा मैच
उत्तर प्रदेश की जीत में गेंदबाजों की भूमिका निर्णायक रही। करन शर्मा ने दोनों पारियों में कुल सात विकेट लेकर बिहार के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। कार्तिक ने भी पहली पारी में चार और दूसरी पारी में दो विकेट हासिल किए। इस तरह उन्होंने मैच में कुल छह विकेट अपने नाम किए।
यूपी के गेंदबाजों ने दोनों पारियों में बिहार को क्रमशः 141 और 132 रन पर समेटकर टीम की जीत सुनिश्चित की। बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा।
बोनस अंक के साथ यूपी को मिले सात अंक
बिहार पर बड़ी जीत के साथ उत्तर प्रदेश को बोनस अंक सहित कुल सात अंक मिले हैं। टीम अब टूर्नामेंट के अगले मुकाबले में 18 अक्टूबर से गोवा के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। रणजी ट्रॉफी के शुरुआती चरण में प्रत्येक टीम को चार-चार मुकाबले खेलने हैं। पहले मैच में मिली इस शानदार जीत से उत्तर प्रदेश की टीम का आत्मविश्वास बढ़ा होगा।
