सड़कें ऊंची, मकान नीचे और नालियां जाम, जलभराव से लोग परेशान

ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, निर्माण कार्यों में मानकों के पालन की मांग

 
qweqw

लखनऊ। राजधानी के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों और कॉलोनियों में सड़क एवं नाली निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी तथा नालियों पर अतिक्रमण के चलते जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। इस समस्या को लेकर ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराने और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

महासमिति के महासचिव विवेक शर्मा ने ज्ञापन में बताया कि शहर के कई इलाकों में सड़क का पुनर्निर्माण करते समय पुरानी सड़क की परत उखाड़ने और मलबा हटाने के बजाय उसी के ऊपर नई परत बिछा दी जाती है। इससे सड़क का स्तर लगातार ऊंचा होता जा रहा है, जबकि पुराने मकान सड़क के मुकाबले नीचे हो गए हैं। परिणामस्वरूप बारिश के दौरान घरों और दुकानों में पानी घुसने की समस्या बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में नालियों का निर्माण उचित ढलान और तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। इससे जल निकासी बाधित होती है और नालियां अक्सर ओवरफ्लो रहती हैं। इसके अलावा नालियों के ऊपर पक्के रैंप, स्लैब और सीढ़ियां बना दिए जाने से उनकी नियमित सफाई भी नहीं हो पाती है।

महासमिति के अनुसार, इन अव्यवस्थाओं के कारण हल्की बारिश में भी नालियों और सड़कों का गंदा पानी घरों एवं दुकानों में प्रवेश कर जाता है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, सड़कों पर जलभराव और खराब निर्माण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि सड़कों का डामर उखड़ने से गड्ढे बन जाते हैं और महीन रोड़ी सड़क पर फैल जाती है। इससे विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है।

ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा और महासचिव विवेक शर्मा ने नगर आयुक्त से मांग की है कि सड़क निर्माण के दौरान पुरानी परत और मलबा हटाकर सड़क का मूल स्तर बरकरार रखा जाए। नालियों के निर्माण में उचित ढलान सुनिश्चित की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और अभियंताओं की जवाबदेही तय की जाए। इसके साथ ही नालियों और फुटपाथों पर बने अवैध रैंप एवं सीढ़ियों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु हो सके और शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

Tags