रोहतक ऑनर किलिंग मामला: दलित युवक से लव मैरिज की दर्दनाक कीमत — भाइयों ने बहन को 5 गोलियां मारीं, देवर भी घायल
Rohtak honor killing case: The painful price of a love marriage with a Dalit man – brothers shot their sister five times, injuring her brother-in-law.
Fri, 21 Nov 2025
हरियाणा के रोहतक जिले में लव मैरिज करने वाली एक युवती को उसके ही परिवार ने मौत की सजा दे दी। जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय सपना ने घर से भागकर थ्री-व्हीलर चालक सूरज के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद यह जोड़ा लगभग तीन साल तक घर से दूर रहा और हाल ही में गांव लौटा था।
बताया जा रहा है कि सपना और सूरज दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। युवती के भाइयों को इस विवाह से आपत्ति थी और उन्हें बहन के उसी गांव में रहने से अपमान महसूस हो रहा था। सोमवार को आरोपियों ने घर में घुसकर सपना पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
देवर को भी मारी गोली, हालत गंभीर
फायरिंग की आवाज सुनकर उसे बचाने पहुंचे सूरज के छोटे भाई साहिल को भी हमलावरों ने गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी घायल
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। रोहतक पुलिस को सूचना मिली कि ये आरोपी काहनी गांव के पास सूरज की हत्या की नई साजिश रच रहे हैं। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने उन्हें रुकने का आदेश दिया, लेकिन वे भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उनकी टांगों में लगी, जिसके बाद चारों—संजू (सपना का भाई), राहुल पुत्र बलजीत, अंकित पुत्र सुभाष (ज़िला सोनीपत) और गौरव पुत्र संदीप—को पकड़ा गया।
फिलहाल सभी आरोपियों का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
