अनुपूरक बजट में उद्यान विभाग को 245.24 करोड़ रुपये, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ: दिनेश प्रताप सिंह
लखनऊ, 4 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट में उद्यान विभाग के लिए 245.24 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस पर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का आभार व्यक्त किया है।
मंत्री ने कहा कि अनुपूरक बजट में उद्यान विभाग के लिए किए गए प्रावधान प्रदेश के किसानों, विशेषकर बागवानी और आलू उत्पादकों के लिए बेहद लाभकारी साबित होंगे। उन्होंने बताया कि भामाशाह भाव स्थिरता कोष की स्थापना के लिए 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने में सहायता मिलेगी और बाजार में मूल्य स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण शुल्क पर अनुदान देने के लिए भी 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे आलू उत्पादक किसानों का भंडारण खर्च कम होगा और वे अपनी उपज को उचित समय तक सुरक्षित रखकर बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय आलू केन्द्र (CIP-SARC), आगरा के संपर्क मार्ग के लिए भूमि क्रय एवं निर्माण कार्य हेतु 9.53 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। मंत्री के अनुसार, इससे आलू अनुसंधान, आधुनिक कृषि तकनीकों के विकास और किसानों तक नई तकनीकों की पहुंच को बढ़ावा मिलेगा।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उद्यानिकी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने और कृषि अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अनुपूरक बजट में किए गए ये प्रावधान सरकार की किसान हितैषी नीति और कृषि विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
