अनुपूरक बजट में सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय को 5 करोड़ रुपये, निर्माणाधीन परियोजनाओं को मिलेगी गति
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार संस्कृत शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा और उच्च शिक्षण संस्थानों के सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय देश के प्रमुख संस्कृत एवं प्राचीन भारतीय ज्ञान के केंद्रों में से एक है, इसलिए इसके समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री के अनुसार, अनुपूरक बजट में उपलब्ध कराई गई धनराशि से विश्वविद्यालय में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने में सहायता मिलेगी। साथ ही परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान-विज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय में आधुनिक सुविधाओं के विकास से शिक्षा और शोध कार्यों को नई गति मिलेगी तथा संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और अधिक मजबूत होगी।
