मौलाना आज़ाद की जयंती पर 'रूबरू फाउंडेशन' द्वारा भव्य शिक्षा समारोह का आयोजन

A grand education ceremony was organized by 'Rubaroo Foundation' on the birth anniversary of Maulana Azad.
 
bjkljbk

लखनऊ।

भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती और राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर, रूबरू फाउंडेशन के तत्वावधान में एक भव्य निबंध प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह इस्लामिया डिग्री कॉलेज, लालबाग, लखनऊ के सभागार में हुआ, जिसमें छात्रों और गणमान्य व्यक्तियों की भारी भीड़ उमड़ी।

निबंध प्रतियोगिता और सम्मान

इस कार्यक्रम में लखनऊ के विभिन्न इंटर कॉलेजों एवं डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और “मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का जीवन, विचार और शिक्षा दर्शन” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

  • प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

  • सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

मुख्य अतिथियों का मार्गदर्शन

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि, लेखक एवं समाजसेवी इरशाद राही ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में इस्लामिया डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिलशाद हुसैन अंसारी उपस्थित रहे। डॉ. दिलशाद हुसैन अंसारी ने अपने संबोधन में कहा मौलाना अबुल कलाम आज़ाद केवल भारत के पहले शिक्षा मंत्री नहीं थे, वे भारत की आत्मा के शिक्षक थे। उन्होंने जो शिक्षा नीति दी, वह आज भी प्रासंगिक है। हर बच्चे तक ज्ञान पहुँचाना, चाहे वह लड़का हो या लड़की, यह देश का पहला कर्तव्य है। शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि इंसानियत की समझ और जिम्मेदारी है।” उन्होंने रूबरू फाउंडेशन की तारीफ करते हुए कहा कि छात्रों में लेखन और चिंतन की भावना जगाने का उनका कार्य समाज के उज्ज्वल भविष्य की निशानी है।

अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कवि इरशाद राही ने अपने भावपूर्ण संबोधन में कहा: आज का दौर केवल नौकरी पाने का नहीं, बल्कि नैतिकता और विचारों की शिक्षा का है। हमें नई पीढ़ी को 'नई नेशनल सोच' के साथ आगे बढ़ाना होगा — जो केवल किताबों में नहीं, बल्कि जीवन के हर हिस्से में शिक्षा को जीना सिखाए।" उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि मौलाना आज़ाद जैसे महापुरुष पर उनका लेखन उनके विचारों की मशाल को आगे बढ़ाने का काम करेगा।

अन्य उपस्थिति और आयोजन टीम

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विनय विक्रम (राजनेता), अब्दुल वहीद (समाजसेवी), गुलाम हुसैन (पत्रकार) और उर्दू के विद्वान अब्दुल नसीर नासिर उपस्थित रहे।

  • कार्यक्रम का अत्यंत सुंदर संचालन तबस्सुम खान (कन्वीनर) ने किया।

  • सुश्री रूही रहमान (संस्थापक एवं कोषाध्यक्ष) ने संस्था की वर्षभर की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

  • सचिव मोहम्मद अजहर हुसैन, सदस्य मोहम्मद इम्तियाज और मोहम्मद उमर ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सभा कक्ष छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों से खचाखच भरा हुआ था। कार्यक्रम का समापन प्रेरक माहौल और गगनभेदी तालियों के बीच हुआ।

Tags