सरदार पटेल जयंती पर बलरामपुर में होंगे विविध आयोजन, 31 अक्टूबर को निकलेगी ‘रन फॉर यूनिटी’

गैसड़ी चौराहे पर स्थापित होगी लौह पुरुष की प्रतिमा, चौराहे का नाम ‘वल्लभभाई चौराहा’ रखने का प्रस्ताव पारित

 
pii

बलरामपुर। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 28 से 31 अक्टूबर तक जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा।

यह जानकारी मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं गैसड़ी पंचायत के अध्यक्ष प्रिंस वर्मा ने दी।

गैसड़ी चौराहे पर लगेगी सरदार पटेल की प्रतिमा

प्रिंस वर्मा ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल के सम्मान में गैसड़ी चौराहे पर, बिस्कोहर जाने वाले मार्ग के पास उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही चौराहे का नाम ‘वल्लभभाई चौराहा’ रखने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य लौह पुरुष के योगदान और उनके आदर्शों को जनमानस तक पहुंचाना है।

28 अक्टूबर से शुरू होंगे कार्यक्रम

उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर को भाजपा पिछड़ा मोर्चा की ओर से पार्टी कार्यालय पर कटआउट, होर्डिंग और फ्लेक्स के माध्यम से सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों और श्रद्धांजलि सभाओं के जरिए उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया जाएगा।

31 अक्टूबर को जयंती के अवसर पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन होगा। इसके माध्यम से युवाओं और नई पीढ़ी को राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता के महत्व से अवगत कराया जाएगा।

देश की एकता में सरदार पटेल का योगदान ऐतिहासिक: प्रिंस वर्मा

प्रिंस वर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने अनेक रियासतों के एकीकरण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रिंस वर्मा ने सरदार पटेल को प्रधानमंत्री नहीं बनाए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना भी की और उनके सम्मान में पार्टी की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। इस अवसर पर उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags