ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन: मोहनलालगंज में तहसील व जिला इकाई गठन की प्रक्रिया शुरू, एआई कार्यशालाओं को भी हरी झंडी
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) ने मोहनलालगंज तहसील इकाई के गठन की दिशा में ठोस पहल की है। इस संबंध में गंगागंज स्थित जिला मंत्री फुरकान राईन के प्रतिष्ठान पर बैठक हुई, जहां तहसील इकाई के गठन की जिम्मेदारी अध्यक्ष दिलीप रावत को सौंपी गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आर.एल. पाण्डेय ने की, जबकि संरक्षक अभिषेक श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में तहसील कार्यकारिणी से चार सदस्यों — उत्कर्ष सिंह, सतेंद्र प्रजापति, रविन्द्र सिंह और गंगाचरण भारद्वाज — के नाम जिला कार्यकारिणी के लिए प्रस्तावित किए गए, जिन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली। जिला अध्यक्ष आर.एल. पाण्डेय ने जानकारी दी कि लखनऊ जिले की सभी तहसीलों में शीघ्र ही कार्यकारिणी गठन पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही 12 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में रिक्त सभी पदों को जल्द भरकर सूची नेतृत्व को सौंपी जाएगी।
इसी क्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने एक और अहम उपलब्धि हासिल की है। संगठन को एडीरा (AI for Digital Readiness and Advancement) की ओर से देशभर में पत्रकारों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जागरूकता कार्यशालाओं की स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह पहल राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष अतुल कपूर के प्रयासों से संभव हुई।
इन कार्यशालाओं में पत्रकारों को एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल पर प्रशिक्षित किया जाएगा। एडीरा के मास्टर ट्रेनर डॉ. निमिष कपूर पत्रकारों को सिखाएंगे कि किस प्रकार एआई की मदद से 100 पन्नों की किसी रिपोर्ट को कुछ ही पन्नों में समाचार के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है, वीडियो से मिनटों में खबर तैयार की जा सकती है और प्रमाणिक तथ्य व आंकड़े तेजी से जुटाए जा सकते हैं।
पहली कार्यशाला 11 अक्टूबर 2025 को कर्नाटक में ऑनलाइन आयोजित होगी। इसमें ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के लगभग 50 सदस्य, मीडिया छात्र और प्रशिक्षु शामिल होंगे। दो घंटे की यह कार्यशाला पत्रकारों को डिजिटल युग की नई तकनीकों से लैस करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।
