29 नवंबर को विंध्याचल धाम में होगी ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रांतीय बैठक
बीत रहे वर्ष की गतिविधियों की होगी समीक्षा, नए साल की संगठनात्मक रणनीति पर होगा मंथन; प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने जारी की सूचना
अजय भाटिया | सोनभद्र।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति, मंडल अध्यक्षों एवं जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक आगामी 29 नवंबर 2026, रविवार को मां विंध्यवासिनी देवी के पावन धाम विंध्याचल स्थित गोयनका धर्मशाला में आयोजित होगी। बैठक सुबह 10 बजे से शुरू होगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह ने इस संबंध में सूचना जारी करते हुए प्रदेश कार्यसमिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों, मंडल अध्यक्षों तथा जिलाध्यक्षों से निर्धारित समय पर बैठक में पहुंचने की अपेक्षा की है।
इस संबंध में प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार भाटिया ने बताया कि एसोसिएशन की स्थापना के बाद से वर्ष की अंतिम बैठक मां विंध्यवासिनी देवी के पवित्र धाम विंध्याचल में आयोजित करने की परंपरा रही है। इससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले पत्रकार साथियों को मां के दरबार में दर्शन और पूजन का अवसर मिलता है। साथ ही नए वर्ष में संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा भी मिलती है।
उन्होंने बताया कि पिछले कई दशकों से विंध्याचल मंडल और मीरजापुर जनपद की टीम प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के मार्गदर्शन एवं देखरेख में बैठक में शामिल होने वाले पत्रकारों के आतिथ्य की जिम्मेदारी पूरे मनोयोग से निभाती रही है।
बैठक में बीत रहे वर्ष के दौरान संगठन की गतिविधियों और कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही नए साल में संगठन को आगे बढ़ाने के लिए भावी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा होगी। बैठक का एजेंडा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री की ओर से बैठक से पूर्व जारी किया जाएगा।
