सदर विधायक ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यशाला में मतदाताओं को किया जागरूक
बीएलओ को घर-घर जाकर फॉर्म संग्रह करने के निर्देश
विधायक ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि वे वितरित किए गए सभी गणना प्रपत्रों को घर-घर जाकर एकत्रित करें। साथ ही, फॉर्म भरने में आ रही समस्याओं का तुरंत समाधान कराते हुए निर्धारित समय में 100 प्रतिशत विवरण पोर्टल पर अपलोड करें।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपना फॉर्म सही तरीके से भरवाकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। किसी भी कठिनाई की स्थिति में ग्राम प्रधान, शिक्षक या बीएलओ से सहायता लेने की सलाह भी दी।

नई बहूओं के फॉर्म में समस्या—प्रधान ने रखी बात
ग्राम प्रधान गुलजारीलाल शुक्ल ने बताया कि नई नवेली बहुओं के फॉर्म भरने में सबसे अधिक परेशानी आ रही है, क्योंकि फॉर्म में माता-पिता का एपिक नंबर दर्ज करना अनिवार्य है। कई बार मतदाताओं को यह जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाती।
इस पर विधायक ने मौके पर मौजूद बीएलओ अनूपा यादव को निर्देश दिया कि वे संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक एपिक नंबर उपलब्ध कराएं।
शिक्षकों की मदद से फॉर्म भरवाने की सलाह
विधायक ने कहा कि जिन लोगों को फॉर्म भरने में कोई भी समस्या हो, वे प्राथमिक विद्यालय जाकर शिक्षकों से सही तरीके से फॉर्म भरवा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठनात्मक तैयारी को मजबूत करना और पुनरीक्षण कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाना है।
नए मतदाताओं को जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने बताया कि इस अभियान में नए मतदाताओं के नाम जोड़ना, त्रुटियों का संशोधन करना और स्थानांतरण से संबंधित विवरण अपडेट करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आगामी चुनावों में मतदाता सूची पूरी तरह सटीक और अद्यतन रहे।

तहसीलदार ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए
सदर तहसीलदार विश्व दीपक त्रिपाठी ने कहा कि मतदाता सूची का सटीक होना लोकतंत्र की मूल आवश्यकता है। उन्होंने जानकारी दी कि जबदही ग्राम पंचायत में कुल 1165 फॉर्म वितरित किए गए हैं, जिनमें से 761 फॉर्म अभी भी एकत्रित नहीं हो सके हैं।
उन्होंने बीएलओ को जल्द से जल्द सभी शेष फॉर्म एकत्रित कर पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
इस कार्यशाला में बूथ अध्यक्ष हिमांशु शुक्ल, अशोक कुमार पाठक, राजीव कुमार तिवारी, संतोष कुमार, वरुण मिश्रा, आकाश पांडे सहित कई पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
