NEET पेपर लीक मामले पर सलमान खान ने रखी बात, बोले- शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी, मुद्दे का राजनीतिकरण न हो
It was such a peaceful movement, feel so sad that it had to take a violent turn. My heart goes out to the students and their families who were hurt. Paper leak is a very serious issue, and I am glad to know n see that the kids of our country have come together for a better…
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) July 22, 2026
छात्रों के प्रदर्शन पर जताई चिंता
सलमान खान ने अपने पोस्ट में कहा कि छात्रों का आंदोलन शुरुआत में शांतिपूर्ण था और इसका हिंसक रूप लेना बेहद दुखद है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अभिनेता ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं बेहद गंभीर मुद्दा हैं। उन्होंने खुशी जताई कि देश के युवा बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए और उनके परिवारों ने भी उनका समर्थन किया।
छात्रों के हौसले की तारीफ की
सलमान खान ने छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए आवाज उठाने वाले ये युवा देश के भविष्य को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने छात्रों के आंदोलन को सही तरीके से अपनी बात रखने का जरिया बताया और उनके साहस व दृढ़ संकल्प की प्रशंसा की। सलमान के मुताबिक, शिक्षा के प्रति जागरूक और समर्पित यह पीढ़ी आने वाले समय में भारत को गर्व महसूस कराएगी।
शिक्षा के मुद्दे को राजनीति से दूर रखने की अपील
सलमान खान ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि यह मामला छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का मुद्दा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का श्रेय केवल छात्रों को मिलना चाहिए, जिन्होंने अपनी मांगों को सामने रखा है।अभिनेता ने उम्मीद जताई कि सरकार भी छात्रों की चिंताओं को समझेगी और देश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाएगी।
भारत को शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाने की बात
सलमान खान ने शिक्षा को भविष्य का सबसे बड़ा ट्रेंड और प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को इतना मजबूत और आकर्षक बनाया जाना चाहिए कि दुनिया भर के छात्र भारत में पढ़ाई करने के लिए आएं और देश एक वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में स्थापित हो।उन्होंने छात्रों के बेहतर भविष्य की कामना करते हुए सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई।
