फर्जी शिकायतों के जरिए मतदाताओं के नाम कटवाने का आरोप, सपा नेताओं ने एसडीएम से की जांच की मांग

तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान प्रारूप-11 से की जा रही शिकायतों पर जताई आपत्ति, जांच पूरी होने तक नाम न हटाने की मांग

 
फर्जी शिकायतों के जरिए मतदाताओं के नाम कटवाने का आरोप, सपा नेताओं ने एसडीएम से की जांच की मांग

गोण्डा। जिले के 299-तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में कथित फर्जी शिकायतों के आधार पर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने के प्रयास का मामला सामने आया है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने आवाज उठाई है। सपा के पूर्व प्रत्याशी रामभजन चौबे सहित पार्टी के आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारियों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी तरबगंज को मांगपत्र सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

सपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य विजय कुमार सिंह उर्फ टिंटू सिंह, कृष्ण कुमार तिवारी उर्फ केटी तिवारी, उपाध्यक्ष दिनेश यादव और विवेक कुमार सिंह बाबा के हस्ताक्षर से दिए गए मांगपत्र में आरोप लगाया गया है कि विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कुछ लोग राजनीतिक द्वेष के चलते प्रारूप-11 के माध्यम से फर्जी शिकायतें कर रहे हैं। इन शिकायतों के जरिए पीढ़ियों से क्षेत्र में रह रहे वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।

9i99

सपा नेताओं ने मांग की है कि प्रारूप-11 के तहत प्राप्त प्रत्येक शिकायत की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि शिकायतें फर्जी पाए जाने पर संबंधित शिकायतकर्ताओं के विरुद्ध भारत निर्वाचन आयोग के लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1960 की धारा 31 के तहत उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज चौबे ने मांगपत्र के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में फर्जी शिकायतों के आधार पर मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे प्रयासों का सपा कार्यकर्ता विरोध करेंगे।मांगपत्र सौंपने के दौरान देवमणि तिवारी, अंकुर मणि तिवारी, रिंटू सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, सौरभ पांडे, अंकित पांडे, दिलीप पांडे, प्रमोद चौबे, रोहित चौबे सहित सपा के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags