सनातन समाज के लिए बनाया गया सनातन सर्टिफिकेशन / सील (QR कोड)
Sanatan Certification / Seal (QR Code) created for Sanatan Samaj
Sat, 3 Jan 2026
लखनऊ। सनातन समाज को शुद्ध, स्वच्छ एवं विश्वसनीय सेवाओं की प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सनातन सर्टिफिकेशन/सील का क्यूआर कोड विकसित किया गया है। यह जानकारी राष्ट्रीय सनातन समिति के राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण गौड़ ने गोमतीनगर स्थित सियाराम रेस्टोरेंट, विशाल खंड में आयोजित बैठक के दौरान दी।
बैठक में मंगलौर से पधारे सनातन सर्टिफिकेशन के कोऑर्डिनेटर गणेश सिनोये ने गोमतीनगर के विभिन्न सनातन संगठनों के पदाधिकारियों को बताया कि यह क्यूआर कोड सनातन समाज के प्रमुख मूल्यों—स्वच्छता, शुचिता और आवश्यकता अनुसार उत्पादों की प्रमाणिक जानकारी—को सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है। यह क्यूआर कोड संबंधित संस्थानों के प्रमुख प्रवेश द्वार पर लगाया जाता है, ताकि सनातन समाज को अधिकृत एवं विश्वसनीय जानकारी प्राप्त हो सके और वे निश्चिंत होकर सेवाएं ले सकें।

उन्होंने बताया कि तकनीकी रूप से योग्य टीम द्वारा स्थल का सर्वेक्षण और पूर्ण संतुष्टि के बाद ही संस्थान को यह सर्टिफिकेशन/सील जारी की जाती है। इससे समाज में पारदर्शिता और विश्वास दोनों को बल मिलता है।
राष्ट्रीय सनातन समिति के विधिक सलाहकार विनय कुमार सिंह ने क्यूआर कोड की तकनीकी प्रक्रिया और कानूनी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी, जबकि समिति के मीडिया सलाहकार अविरल आनंद ने सम्मेलन का सफल समन्वय किया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश सनातनी ने इस अभिनव पहल के लिए गणेश सिनोये का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि सभी सनातनी संगठन इस पुनीत कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर वृहद लखनऊ जन कल्याण समिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा ने गणेश सिनोये का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्यूआर कोड सनातन समाज के लिए बहुआयामी एवं अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से गगन शर्मा, लोक भारती से रामबदन दुबे, हिंदू जागरण मंच से राजेंद्र मिश्रा, विहिप से रामदयाल मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश सिंह, शिक्षक नेता प्रवेश श्रीवास्तव, व्यापारी नेता राजेश सोनी, विश्व हिंदू रक्षा परिषद से बॉबी गुप्ता, सावरकर विचार मंच से डॉ. महेश शर्मा, राष्ट्रीय हिंदू रक्षा परिषद से कुलदीप सनातनी, वरिष्ठ अधिवक्ता एस.एन. पांडेय, समाजसेवी रविंद्र सिंह, जागरण मंच से राजेंद्र मिश्र, धर्मगुरु महेश्वर मिश्र, पत्रकार विवेक राजपूत, काजल अवस्थी सहित राष्ट्रीय सनातन समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी राजकुमार पाठक, अनिल वर्मा, अमरेंद्र सहाय, सुरेश शर्मा, कमल शर्मा, सुबोध श्रीवास्तव, ओम गुप्ता, अशोक गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
