जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाएगा सनातन महापरिषद भारत का जनसंवाद अभियान
लखनऊ में गांधी प्रतिमा स्थल से हुई शुरुआत, ड्रॉप बॉक्स के जरिए जुटाई जाएंगी शिकायतें और सुझाव
उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और राजस्थान में भी चलेगा अभियान
लखनऊ। जनता की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों और सरकार के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम तैयार करने के उद्देश्य से सनातन महापरिषद भारत ने सोमवार को जनसंवाद अभियान की शुरुआत की। हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके तहत नागरिकों की समस्याओं और जनभावनाओं को एकत्र कर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ संगठन की प्रदेश अध्यक्ष मधु पाराशर ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। आम नागरिकों की शिकायतों और सुझावों को एकत्र करने के लिए गांधी प्रतिमा स्थल पर ड्रॉप बॉक्स स्थापित किया गया है। नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव लिखकर इसमें डाल सकेंगे। संगठन की ओर से प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों और शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की पहल की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएम पांडेय के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, ग्रामीण विकास, पर्यावरण, स्वच्छता और सरकारी योजनाओं से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मधु पाराशर ने कहा कि जनता की समस्याओं और सुझावों को सुनकर उन्हें उचित मंच तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। आम नागरिकों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचे और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हो, इसी सोच के साथ यह अभियान शुरू किया गया है।

अभियान के प्रदेश स्तर पर संचालन की जिम्मेदारी वीरेंद्र कुमार शुक्ल को उत्तर प्रदेश ड्रॉप बॉक्स अभियान संयोजक के रूप में सौंपी गई है, जबकि राजेंद्र मिश्रा को अभियान के विस्तार एवं संचालन का दायित्व दिया गया है।
तीन राज्यों में होगा अभियान का विस्तार
संगठन के अनुसार जनसंवाद अभियान को उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और राजस्थान में भी संचालित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में ड्रॉप बॉक्स स्थापित कर अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने की योजना है। संगठन ने सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस पहल में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
कार्यक्रम में सुमित्रा जनकल्याण एवं विकास संस्थान, रक्षक वेलनेस सेंटर, हमराही फाउंडेशन, स्वधर्म फाउंडेशन और सत्यवृक्ष भारत सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर डॉ. जीतेश सिंह, दीपक सिंह, शुभम रावत और संतोष कुमार पांडेय सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। राष्ट्रीय महासचिव जयश्री पांडेय, संरक्षक हरि ओम पाराशर, प्रदेश मीडिया प्रभारी पुष्पेंद्र पांडेय, रजनी शर्मा और ईशांत प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
