श्रावस्ती में सारंगी वादन ने बांधा समां, गौरी बनर्जी की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुए छात्र
कार्यक्रम में सारंगी की टॉप ग्रेड कलाकार विदुषी गौरी बनर्जी सती ने अपने सारंगी वादन से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति में “अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम” की सुरमयी धुन ने विशेष आकर्षण पैदा किया।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कलाकार गौरी बनर्जी, पंडित किशोर बनर्जी, स्पिक मैके देवीपाटन-बस्ती मंडल के ग्रुप कोऑर्डिनेटर लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेंद्र कुमार चौहान, जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार मिश्र तथा अनंता पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या मीरा पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

विदुषी गौरी बनर्जी ने राग नटभैरव से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद राग भूपाली और मधुमती की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडित किशोर बनर्जी के तबला संगत के साथ सारंगी की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।कार्यक्रम में सारंगी पर प्रस्तुत “अच्युतम केशवम” की मधुर धुन और तालबद्ध प्रस्तुति ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर ग्रुप कोऑर्डिनेटर लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेंद्र कुमार चौहान ने स्पिक मैके, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं संस्कृति मंत्रालय उत्तर प्रदेश की पहल की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से भारतीय शास्त्रीय संगीत और संस्कृति के संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में कन्हैया लाल शुक्ल, राजन शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
