सपा प्रवक्ता के कथित बयान की सर्वजन सनातन पार्टी ने की निंदा
लखनऊ। सर्वजन सनातन पार्टी ने सपा प्रवक्ता राम कुमार भाटी के कथित बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज में वैमनस्य फैलाने वाला बताया है। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि किसी भी समाज या वर्ग के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के विरुद्ध है।
पार्टी की नेता रागिनी अवस्थी ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के खिलाफ लगातार विवादित बयान दिए जा रहे हैं, जिससे सामाजिक तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी कई नेताओं और अधिकारियों द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, लेकिन उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
रागिनी अवस्थी ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक विषयों पर ब्राह्मण समाज की भावनाओं को लगातार आहत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाज के खिलाफ हो रही घटनाओं पर पर्याप्त आवाज नहीं उठाई जा रही है और कई मामलों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा।
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मांग की कि यदि संबंधित बयान पार्टी की विचारधारा का हिस्सा नहीं है तो संबंधित प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही राज्य सरकार से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की।
रागिनी अवस्थी ने कहा कि समाज को अपनी आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक मजबूती के लिए संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक सम्मान एवं सुरक्षा के मुद्दों पर जागरूक रहने की अपील की।
