वकीलों पर लाठीचार्ज और चैंबर तोड़े जाने के खिलाफ सर्वजन सनातन पार्टी मुखर, रागिनी अवस्थी ने सरकार पर साधा निशाना
"कानून के रक्षकों पर लाठीचार्ज बेहद दुर्भाग्यपूर्ण" – रागिनी अवस्थी
आजाद मंच की प्रदेश अध्यक्ष रागिनी अवस्थी ने पुलिस द्वारा वकीलों पर किए गए लाठीचार्ज की तीखी निंदा करते हुए कहा कि वर्तमान स्थितियां बेहद चिंताजनक होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सरकार कानून के रक्षकों और न्याय व्यवस्था से जुड़े लोगों के साथ भी ज्यादती करने पर उतारू हो गई है। वकीलों के चैंबर तोड़े जाने और उन पर बल प्रयोग किए जाने की घटना को उन्होंने अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक बताया।
सवर्ण समाज और ब्राह्मणों की उपेक्षा का लगाया आरोप
रागिनी अवस्थी ने अपने बयान में सवर्ण समाज की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए कहा, "सरकारों ने हमेशा सवर्ण समाज के लोगों को कभी हिंदूवाद, कभी सनातन, तो कभी धर्म और राष्ट्रवाद के नाम पर केवल ठगने का काम किया है। अब ब्राह्मणों और सवर्णों के मान-सम्मान पर लगातार चोट की जा रही है।" उन्होंने सरकार की नीतियों को ब्राह्मण विरोधी बताते हुए कहा कि जो सरकार पहले से ही एक वर्ग विशेष की उपेक्षा कर रही थी, वह अब न्याय की लड़ाई लड़ने वाले वकीलों की भी विरोधी हो चुकी है।
"एक मंच पर आएं, वरना 'फूट डालो और राज करो' की नीति से सब बंट जाएंगे"
कल की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने समाज के सभी वर्गों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब सभी को जागरूक होना होगा और एक मंच पर आकर अपनी एकता का संदेश देना होगा।अगर हम आज एक नहीं हुए, तो सरकारें 'फूट डालो और राज करो' की नीति अपनाकर हमें एक-एक करके बांट देंगी। जब हमारा मूल और सनातन ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो समाज कैसे बचेगा? हमें मिलकर ऐसी दमनकारी नीतियों और सरकार का पुरजोर बहिष्कार करना चाहिए।" अपने संबोधन के अंत में उन्होंने 'जय सनातन' और 'जय श्री राम' के नारों के साथ समाज को एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।
