व्यंग्य: शाही शादी का भोज और आम आदमी की औकात!

Satire: A Royal Wedding Feast and the Status of the Common Man!
 
व्यंग्य: शाही शादी का भोज और आम आदमी की औकात!

सुधाकर आशावादी – विनायक फीचर्स)

शादी हर किसी के जीवन का यादगार अवसर होती है, लेकिन आज के दौर में शादी की भव्यता का पैमाना बदल गया है। अब शादी की पहचान रिश्तों की मिठास और आत्मीयता से नहीं, बल्कि पंडाल की विशालता, पकवानों की संख्या, मेहमानों की भीड़ और खर्च किए गए करोड़ों रुपये से होने लगी है। सामान्य शादी और शाही शादी के बीच का अंतर भी अब साफ दिखाई देने लगा है।

मेरे मोहल्ले में एक गरीब बेसहारा बेटी की शादी थी। पिता का साया सिर से उठ चुका था। बेटी ने ट्यूशन पढ़ाकर किसी तरह अपनी शादी के लिए पैसे जुटाए थे। न कोई भव्य मंडप था और न ही चमक-दमक से सजा पंडाल। एक छोटी सी धर्मशाला में विवाह का आयोजन किया गया था। मोहल्ले के लोग वहां मेहमान बनकर नहीं, बल्कि बेटी के हाथ पीले कराने में मददगार बनने पहुंचे थे। किसी ने व्यवस्था संभाली तो किसी ने भोजन बनाने में हाथ बंटाया। वहां पकवान भले ही सीमित थे, लेकिन लोगों के दिलों में अपनापन भरपूर था।

दूसरी तरफ छोटे सरकार की बिटिया की शादी का नजारा ही कुछ और था। उनकी हैसियत और रसूख के चर्चे महीनों पहले से शुरू हो गए थे। शादी के लिए कई एकड़ में विशाल पंडाल तैयार कराया गया। मेहमानों की खातिरदारी के लिए 151 प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की गई। सड़क से लेकर हवाई मार्ग तक मेहमानों के आगमन के इंतजाम थे। नामचीन हस्तियों और सेलिब्रिटी की मौजूदगी ने समारोह की चमक और बढ़ा दी थी। दूल्हा-दुल्हन के शाही परिधानों और बेशकीमती आभूषणों की चर्चा अलग थी। उपहारों के आदान-प्रदान में भी किसी तरह की कमी नहीं रखी गई। समारोह को और रोमांचक बनाने के लिए घुड़दौड़ आयोजित की गई, जिसमें विजेता के लिए महंगी चमचमाती कार पुरस्कार के रूप में रखी गई थी।

छोटे सरकार चाहते थे कि उनकी बिटिया की शादी ऐसी हो, जिसकी चर्चा वर्षों तक होती रहे। इसके लिए निमंत्रण देने के भी कई तरीके अपनाए गए। कुछ खास लोगों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया, तो कुछ को आधुनिक संचार माध्यमों से न्योता भेजा गया। आम जनता के लिए सार्वजनिक घोषणा कर दी गई कि किसी को निमंत्रण पत्र का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। यह घर की बेटी की शादी है, इसलिए गांव के सुखिया, दुखिया, ननकू और झनकू सहित सभी लोग सादर आमंत्रित हैं।

बस फिर क्या था! आमंत्रण सुनकर लोगों को लगा मानो किसी विशाल भंडारे का आयोजन होने जा रहा हो। शादी के पकवानों की चर्चा भी खूब प्रचारित की गई। कहीं लाखों गुलाब जामुन और सफेद रसगुल्लों की बात हो रही थी, तो कहीं कुंतलों काजू कतली, रबड़ी और रसमलाई के किस्से सुनाए जा रहे थे। लोगों की उत्सुकता इतनी बढ़ गई कि शादी में शामिल होने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी भीड़ उमड़ने लगी।

शादी वाले दिन विवाह स्थल पर ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि जिसे देखो वही पंडाल की ओर दौड़ा चला जा रहा था। हालांकि, शाही मेहमानों और आम जनता के बीच अंतर बनाए रखने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं थीं। हर किसी को मुख्य पंडाल में प्रवेश की अनुमति नहीं थी। आमंत्रित जनसमूह को भोजन पंडाल की ओर भेज दिया गया, जहां 151 व्यंजनों की जगह कुछ चुनिंदा पकवान ही उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे।

नाश्ते में चाऊमीन और पकौड़ियां थीं, जबकि भोजन में गुलाब जामुन, सफेद रसगुल्ले, आलू-मटर-टमाटर की सब्जी, दाल-चावल और ठंडी पूरियों का इंतजाम था। मगर भीड़ के अनुपात में भोजन की व्यवस्था छोटी पड़ गई। टेबल कम थीं और खाने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी। किसी को पत्तल नहीं मिली तो किसी ने पॉलीथिन की थैली का सहारा लिया। कुछ जुगाड़बाज मेहमानों ने गुलाब जामुन और रसगुल्लों पर पहले ही कब्जा जमा लिया। जितने हाथों में जितने पकवान समा सके, वे उतने लेकर किनारे हो गए।

किसी के हिस्से में दाल आई तो दौना न मिलने पर उसने डिस्पोजेबल गिलास में ही दाल भरकर पी ली। किसी को चावल मिले तो किसी को सब्जी। कुछ लोग पूरी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। जिनकी किस्मत अच्छी थी, उन्हें दो-चार पकवान मिल गए और जिनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया, उनके हिस्से में निराशा आई। कुछ लोगों को तो भोजन की जगह सुरक्षाकर्मियों की लाठियों का प्रसाद भी मिल गया।

इस तरह शाही शादी में शामिल होने आए लोगों के अनुभव भी अलग-अलग रहे। किसी ने भरपेट भोजन किया तो किसी ने आधे पेट ही संतोष कर लिया। कुछ लोग मिठाइयों का स्वाद लेकर घर लौटे, जबकि कुछ खाली हाथ और लटका हुआ चेहरा लेकर वापस चले गए।

मगर एक बात समान थी—शादी सभी के लिए यादगार बन गई। गरीब बेटी की शादी इसलिए याद रही कि वहां सीमित साधनों के बावजूद प्रेम, सहयोग और आत्मीयता की कोई कमी नहीं थी। वहीं छोटे सरकार की शाही शादी इसलिए यादगार बन गई कि वहां करोड़ों की चमक-दमक के बीच आमंत्रित आम आदमी को अपनी हैसियत का एहसास भी करा दिया गया। शायद आज की शादियों में यही नया चलन है—कुछ लोगों के लिए शादी प्रतिष्ठा का प्रदर्शन है और कुछ के लिए सिर्फ भोजन पाने का अवसर। फर्क बस इतना है कि कहीं रिश्ते परोसे जाते हैं तो कहीं व्यंजन गिनाए जाते हैं।

Tags