एसबीआई के प्रबंध निदेशक ने लखनऊ में विभिन्न सीएसआर पहलों का किया शुभारंभ

कैप्टन मनोज कुमार पांडे की स्मृति में सीतापुर के रूधा गांव में विकास कार्यों पर पुस्तक का विमोचन, दिव्यांगजनों को आजीविका के लिए सौंपे गए वाहन

 
okp

लखनऊ, 30 अक्टूबर 2026। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपनी सीएसआर इकाई एसबीआई फाउंडेशन के माध्यम से लखनऊ स्थित स्थानीय प्रधान कार्यालय में विभिन्न कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहलों का शुभारंभ किया। इन पहलों का उद्देश्य सामुदायिक विकास, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना, सामाजिक समावेश सुनिश्चित करना और देश की राष्ट्रीय विरासत का संरक्षण करना है।

एसबीआई के प्रबंध निदेशक (कॉर्पोरेट बैंकिंग एवं अनुषंगी कंपनियां) श्री अश्विनी कुमार तिवारी ने स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ के मुख्य महाप्रबंधक श्री दिपेश राज की उपस्थिति में इन पहलों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत की गई। कारगिल युद्ध के वीर नायक एवं परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन मनोज कुमार पांडे को श्रद्धांजलि देते हुए ‘एसबीआई सम्मान – राष्ट्रीय नायकों को श्रद्धांजलि’ परियोजना के तहत सीतापुर जिले के रूधा गांव में किए गए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तक जारी की गई।

इसके साथ ही ‘निराला छात्र साहित्य सम्मान 2026’ के विजेताओं की रचनाओं को संकलित करते हुए ‘समर्पण’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर युवा लेखकों को सम्मानित भी किया गया। यह सम्मान महान कवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की साहित्यिक विरासत को स्मरण करते हुए युवाओं में हिंदी साहित्य के प्रति रुचि और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करता है।कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर जिले में ‘एसबीआई हर्षोदय’ परियोजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास के लिए किए गए प्रयासों पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया गया।

इस अवसर पर ‘लाइवलीहुड ऑन व्हील्स’ पहल की शुरुआत भी की गई। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत लाभार्थियों को आय अर्जित करने और आत्मनिर्भर बनने में सहायता के लिए वाहन सौंपे गए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसबीआई के प्रबंध निदेशक श्री अश्विनी कुमार तिवारी ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में कैप्टन मनोज कुमार पांडे की वीरता और सर्वोच्च बलिदान आज भी देश की पीढ़ियों को प्रेरित करता है। उन्होंने निराला छात्र साहित्य सम्मान के माध्यम से युवा साहित्यिक प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने की पहल की सराहना की।

उन्होंने कहा कि एसबीआई सम्मान परियोजना के माध्यम से बैंक राष्ट्रीय नायकों के पैतृक गांवों में विकास कार्यों को बढ़ावा देकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को अपने नायकों की जड़ों, मूल्यों और गौरवशाली विरासत से जोड़ना है।एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक श्री दिपेश राज ने विरासत संरक्षण, सामुदायिक विकास और समावेशी आजीविका के क्षेत्र में एसबीआई फाउंडेशन के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने दिव्यांगजनों और युवाओं को अपने लक्ष्यों की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

वहीं, एसबीआई फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) श्री प्रत्यूष मेहरोत्रा ने उत्तर प्रदेश में फाउंडेशन की प्रमुख विकासात्मक पहलों की जानकारी साझा की। उन्होंने सामाजिक और सामुदायिक विकास के प्रति फाउंडेशन की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में कैप्टन मनोज कुमार पांडे (परमवीर चक्र) के परिवार के सदस्य श्री मनमोहन पांडे, सहयोगी संस्थाओं सहभागी शिक्षण केंद्र, सुविधा, सेफ सोसाइटी और चेशायर डिसएबिलिटी ट्रस्ट के प्रतिनिधि, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी, सम्मानित विद्यार्थी, युवा तथा एसबीआई और एसबीआई फाउंडेशन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags