'स्कूल चलो अभियान': पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने डिफेंस पब्लिक स्कूल के बच्चों में भरा देशप्रेम और राष्ट्र निर्माण का जज्बा
देश सेवा और कड़े परिश्रम का दिया संदेश
यह गरिमामयी कार्यक्रम अवध प्रान्त के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बीरेंद्र सिंह तोमर के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। बच्चों को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल तोमर ने जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पूर्ण परिश्रम से की गई पढ़ाई ही आपके सपनों को साकार कर सकती है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे बचपन से ही अपना एक लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरे समर्पण के साथ जुट जाएं, क्योंकि आज के बच्चे ही कल के उन्नत भारत के निर्माता हैं।
पूर्व सैनिकों की उपस्थिति से बच्चों में दिखा भारी उत्साह
डिफेंस पब्लिक स्कूल के प्रांगण में देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले पूर्व सैनिकों को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राओं का उत्साह देखने लायक था। परिषद की टीम ने बच्चों के विभिन्न सवालों के जवाब दिए और उन्हें भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास तथा देशभक्ति की भावना से परिचित कराया। कर्नल लक्ष्मीकान्त तिवारी सर और स्कूल प्रशासन ने पूर्व सैनिक सेवा परिषद की इस अनूठी पहल का स्वागत किया और कहा कि ऐसे सत्र बच्चों के नैतिक व मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।

