पायनियर पब्लिक स्कूल में विज्ञान और कला का संगम: छात्रों ने बनाए लाइव वेबसाइट और रोबोटिक मॉडल्स, अतिथियों ने सराहा
विज्ञान और कला का अद्भुत संगम
प्रदर्शनी में प्राइमरी से लेकर सीनियर वर्ग तक के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर, पर्यावरण एवं कला से जुड़े आकर्षक मॉडल और चित्रकला प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिसमें कक्षा 2, 4 और 5 के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

विद्यार्थियों को मिला प्रेरणादायक मार्गदर्शन
मुख्य अतिथि डॉ. राजीव रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान और कला दोनों ही जीवन के अनिवार्य स्तंभ हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, शोध और रचनात्मकता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।
कक्षा-वार मॉडलों ने खींचा ध्यान
प्रदर्शनी में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विषयों में
-
प्राइमरी स्तर पर संज्ञा, कंप्यूटर के भाग, परिवहन, मौसम, आकृतियाँ
-
मिडिल स्तर पर ग्रीनहाउस प्रभाव, सोशल नेटवर्किंग, ज्वालामुखी, डेटा प्रबंधन
-
सीनियर स्तर पर लाइव वेबसाइट, एचटीएमएल, भूकंप अलार्म, हरित ऊर्जा, न्यूरॉन मॉडल, वर्षा सेंसर, सतत विकास, परमाणु ऊर्जा संयंत्र, उन्नत जल प्रबंधन, शेयर बाजार, प्रदूषण नियंत्रण आदि प्रमुख आकर्षण रहे।
जजों ने की सराहना
अनुभवी जज पैनल ने विद्यार्थियों से उनके मॉडलों पर प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ सटीक उत्तर दिया। जजों ने छात्रों की वैज्ञानिक समझ और प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विज्ञान एवं कला के महत्व पर प्रकाश डाला।




