स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस, लखनऊ में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस-2026 पर विज्ञान व नवाचार संगोष्ठी
लखनऊ, 28 फरवरी 2026। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर, जब पूरा देश सर सी.वी. रमन द्वारा खोजे गए “रमन प्रभाव” के सम्मान में यह दिवस मना रहा था, उसी क्रम में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस, लखनऊ में विज्ञान एवं नवाचार विषयक एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वर्ष 1986 से प्रतिवर्ष 28 फरवरी को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संस्थान के महानिदेशक डॉ. भरत राज सिंह रहे। उन्होंने “विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान एवं नवाचार की भूमिका” विषय पर सारगर्भित व्याख्यान देते हुए कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान और नवाचार ही भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में अग्रसर कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जिज्ञासा, तर्कशीलता और प्रयोगधर्मिता को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
संस्थान के सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी श्री शरद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सर सी.वी. रमन की लगन, प्रतिबद्धता और वैज्ञानिक सोच ने भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। उन्होंने शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
डॉ. अमरजीत सिंह ने सर सी.वी. रमन के जीवन एवं वैज्ञानिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में डॉ. पी.के. सिंह, अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) ने स्वागत भाषण दिया तथा श्री अनूप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. आशा कुलश्रेष्ठ, डॉ. कमलेश सिंह, डॉ. अशोक सेन गुप्ता, डॉ. वेद कुमार, श्री सुनीत मिश्रा, श्री उमेश कुमार सिंह, श्री गौरव ओझा, श्री अनूप कुमार सिंह सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
डॉ. भरत राज सिंह
महानिदेशक
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस, लखनऊ
ईमेल: brsinghlko@yahoo.com
मोब.: 9415025825
