राजकीय जुबली कॉलेज में विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, 32 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पेश किए 48 नवाचारी मॉडल
51वीं जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा, राफेल से लेकर स्मार्ट सिटी और सेंसर आधारित तकनीक के मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र
लखनऊ। राजकीय जुबली कॉलेज, लखनऊ के ऑडिटोरियम में 51वीं जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 32 विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपने नवाचारी विचारों और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कुल 48 विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर उपस्थित अतिथियों और शिक्षाविदों ने उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के सह संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) डी.बी. सिंह, सूचना प्रौद्योगिकी की विवेचना अध्यक्ष प्रोफेसर विनोदिनी कटियार,

लखनऊ विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शशि बाला, शिक्षाशास्त्र विभाग की डॉ. पूनम श्रीवास्तव, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ की प्रवक्ता श्रीमती संगीता तथा राजकीय जुबली कॉलेज की उप प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योतिपुष्प और श्री विनोद कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक पर आधारित कई आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें राफेल, हाइड्रोलिक पार्किंग, बांस से निर्मित पेराई मशीन, सेंसरयुक्त चश्मा और टोपी, स्मार्ट सिटी, वर्षा जल संरक्षण तथा सोलर एवं सेंसर आधारित ट्रैफिक सिग्नल के मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान और तकनीक के बेहतर उपयोग से जुड़े अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

मॉडलों के मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञों की निर्णायक समिति गठित की गई थी। इसमें प्रो. (डॉ.) डी.बी. सिंह, प्रोफेसर विनोदिनी कटियार, डॉ. शशि बाला और राजकीय जुबली कॉलेज की उप प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योतिपुष्प सहित अन्य शिक्षाविद शामिल रहे। निर्णायक समिति ने विद्यार्थियों के मॉडलों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार एवं निर्णायक समिति के सदस्यों ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षाविद और निर्णायक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रयोगधर्मिता और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित किया।
