समूह बनाकर छोटे-छोटे शोध करें माध्यमिक स्तर के विद्यार्थी : डॉ. दिनेश कुमार
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस से विद्यार्थियों में विकसित होती है शोध और वैज्ञानिक सोच की प्रवृत्ति
भारतीय परंपराओं में छिपे विज्ञान को खोजने की जरूरत : कुलपति प्रो. अजय तनेजा
लखनऊ। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और शोध की प्रवृत्ति विकसित करने के उद्देश्य से केएमसी भाषा विश्वविद्यालय में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके वैज्ञानिक समाधान खोजने और समूह बनाकर छोटे-छोटे शोध करने के लिए प्रेरित किया।

मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मंडल डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस ऐसी प्रतियोगिता है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों में छोटे-छोटे समूह बनाकर लघु शोध करने की प्रवृत्ति विकसित होती है। माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को इस दिशा में विशेष रूप से आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने आसपास की स्थानीय समस्याओं को समझकर उनका वैज्ञानिक समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए। विज्ञान जिज्ञासा से जन्म लेता है। आसपास होने वाली घटनाओं को देखकर, समझकर और उन पर सवाल उठाकर ही वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को कल्पनाशक्ति बढ़ाने और असफलता मिलने पर भी निराश न होने की सलाह दी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं में छिपे वैज्ञानिक पहलुओं को खोजने की जरूरत है। बच्चों को अपने प्रयास निरंतर जारी रखने चाहिए और कभी हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे किसान भी पारंपरिक अनुभवों और जुगाड़ के माध्यम से नए-नए नवाचार कर रहे हैं, जिनसे बहुत कुछ सीखा जा सकता है।

पूर्व निदेशक बेसिक शिक्षा डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रश्न पूछने की आदत विकसित की जानी चाहिए। विज्ञान पढ़ने के साथ-साथ उन्हें अपनी रुचि के अनुसार अन्य गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए।
संयुक्त निदेशक शिक्षा डॉ. प्रदीप कुमार ने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों की प्रत्येक जिज्ञासा का समाधान करने का प्रयास करें। साथ ही बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग और उसके विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक करें।

बीएसआईपीके के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. निमिष कपूर ने कहा कि नवाचार की भावना बच्चों को भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। वहीं राज्य प्रमुख अन्वेषक डॉ. विष्णु प्रताप सिंह ने परिचयात्मक संबोधन में बताया कि लखनऊ से बाल विज्ञानियों के 890 समूहों ने पंजीकरण कराया है, जबकि विभिन्न विद्यालयों के लगभग 600 विद्यार्थी इस जिला स्तरीय आयोजन में प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नोडल एजेंसी इंडियन साइंस कम्युनिकेशन सोसायटी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में इस कार्यक्रम का आयोजन करा रही है।

इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय 'टिकाऊपन के लिए विज्ञान और नवाचार' रखा गया है। राज्य अकादमिक समन्वयक रामकुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और शोध के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आयोजन के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण, भोजन, कृषि एवं स्वास्थ्य तथा टिकाऊपन के लिए भारतीय ज्ञान प्रणालियों के अनुप्रयोग जैसे विभिन्न उपविषयों पर अपने लघु शोध पत्र प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने शोध के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान और संसाधनों के बेहतर उपयोग से जुड़े विचार साझा किए।

जिला समन्वयक डॉ. सत्यम शिवम सुंदरम ने बताया कि भारत सरकार की संस्था राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बाल विज्ञानियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने लघु शोध कार्यों को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें। जिला स्तरीय आयोजन से चयनित प्रतिभागी एक दिसंबर को नोएडा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में केएमसी भाषा विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. सुमन कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला अकादमिक समन्वयक डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का संचालन किया।
