इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के चयनित छात्र जल्द अपडेट करें बैंक डिटेल, तभी मिलेगी प्रोत्साहन राशि
लखनऊ मंडल के विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2025-26 में लखनऊ मंडल के छह जिलों से कुल 906 बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। इनमें लखनऊ से 370, उन्नाव से 128, लखीमपुर खीरी से 120, सीतापुर से 118, हरदोई से 87 तथा रायबरेली से 83 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जिन चयनित छात्रों को अभी तक प्रोत्साहन राशि प्राप्त नहीं हुई है, उनके स्कूल प्रबंधन को इंस्पायर अवार्ड मानक पोर्टल पर स्कूल आईडी लॉगिन कर बैंक खाते और आईएफएससी से संबंधित त्रुटियों को जल्द सुधारना होगा। इससे संबंधित छात्रों के खातों में प्रोत्साहन राशि सीधे भेजी जा सकेगी।
डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा चयनित छात्रों को बैंक डिटेल सुधारने का अवसर प्रदान किया गया है। ऐसे में सभी विद्यालय प्रबंधन से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी स्कूल आईडी लॉगिन कर वंचित बाल वैज्ञानिकों की बैंक जानकारी अपडेट करें और इसकी सूचना संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को उपलब्ध कराएं।उन्होंने कहा कि समय रहते बैंक विवरण सही कर देने से चयनित छात्रों को उनकी प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
